Jharkhand: ACB Hazaribagh ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टीम ने एक पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार चंदवारा थाना, जिला कोडरमा में पदस्थापित पुअनि पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये घूस लेते हुए पकड़ा गया।
प्रेमचंद्र नायक ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) हजारीबाग से की थी शिकायत
मामले में चिलोडीह, थाना चंदवारा निवासी प्रेमचंद्र नायक ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, (ACB) हजारीबाग से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनके मित्र पियूष कुमार पाण्डेय के खिलाफ चंदवारा थाना में दर्ज कांड संख्या 13/26 में केस कमजोर करने और गिरफ्तारी नहीं करने के एवज में एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।
एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार किया
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया, जिसमें प्रथम किस्त के रूप में 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद एसीबी हजारीबाग की टीम ने योजना बनाकर गुरुवार को जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही पवन कुमार राम ने 15 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Highlights


