बिहार सरकार ने 1 जुलाई से 211 डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में पढ़ाई शुरू कराने का निर्देश दिया। विक्रमशिला विश्वविद्यालय पुनर्स्थापना की प्रक्रिया भी तेज होगी।
Bihar Higher Education Mission पटना:पटना में आयोजित उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में सम्राट चौधरी ने राज्य में उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 जुलाई 2026 से डिग्री कॉलेज रहित 211 प्रखंडों में स्नातक स्तर की पढ़ाई शुरू करायी जायेगी। इसके लिए नए महाविद्यालयों की स्थापना प्रक्रिया तेज की जाये।
लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में हुई बैठक में उच्च शिक्षा विभाग की योजनाओं, नए कॉलेजों की स्थापना, रिसर्च संस्थानों के पुनर्गठन और विश्वविद्यालयों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
Bihar Higher Education Mission:211 प्रखंडों में शुरू होगी डिग्री कॉलेज की पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डिग्री कॉलेज विहीन 211 प्रखंडों में नए महाविद्यालयों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाये। उन्होंने कहा कि बहाली के लिए कमिटी का गठन कर सभी रिक्तियों को एक साथ अटैच किया जाये ताकि समयबद्ध तरीके से शैक्षणिक कार्य शुरू हो सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कॉलेजों की स्थापना ऐसी जगह पर हो जहां विद्यार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ हो सके।
Key Highlights
1 जुलाई से 211 डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में स्नातक पढ़ाई शुरू होगी
विक्रमशिला विश्वविद्यालय पुनर्स्थापना के लिए केंद्र को जमीन सौंपने की तैयारी
बिहार के रिसर्च सेंटरों को सिस्टमैटिक और स्पेशलाइज्ड बनाने का निर्देश
भूमि दानदाताओं के नाम पर कॉलेजों का नामकरण किया जाएगा
टॉप 10 विश्वविद्यालयों के साथ एमओयू कर शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने की योजना
Bihar Higher Education Mission:दानदाताओं के नाम पर होगा कॉलेजों का नामकरण
सरकार ने डिग्री कॉलेज स्थापना में भूमि दान करने वालों को विशेष सम्मान देने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन व्यक्तियों द्वारा महाविद्यालय स्थापना के लिए जमीन दान दी जायेगी, उनके या उनके द्वारा अनुशंसित व्यक्ति के नाम पर उस कॉलेज का नामकरण किया जायेगा।
इसके अलावा भवन निर्माण या आंशिक सहयोग देने वाले व्यक्तियों के नाम पर महाविद्यालय परिसर के किसी हिस्से का नाम रखने का भी प्रावधान किया जायेगा।
Bihar Higher Education Mission:विक्रमशिला विश्वविद्यालय और रिसर्च सेंटरों पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित करने के लिए भारत सरकार को जल्द जमीन हैंडओवर की जायेगी। इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र भेजने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया।
उन्होंने बिहार के विश्वविद्यालयों से जुड़े रिसर्च सेंटरों को पुनर्व्यवस्थित कर उन्हें सिस्टमैटिक और स्पेशलाइज्ड बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रिसर्च संस्थानों के व्यवस्थित होने से सरकारी नीतियों और योजनाओं का बेहतर अध्ययन और मूल्यांकन संभव होगा।
बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर, विभागीय सचिव राजीव रौशन, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Highlights







