बिहार सरकार नदियों से गाद और बालू हटाने के लिए River Dredging Policy 2026 बनाई है ताकि बाढ़ प्रबंधन बेहतर हो सके।
Google पर 22Scope चुनें- बिहार सरकार नदियों से गाद और बालू हटाने के लिए River Dredging Policy 2026 बनाई है।
- गाद जमने से नदी के प्रवाह में बाधा आती है और तटबंधों पर कटाव का खतरा बढ़ता है।
- तकनीकी अध्ययन के आधार पर ही यह तय किया जाएगा कि कहां से गाद निकालना है।
- निकाली गई गाद को बार्ज के माध्यम से परिवहित किया जाएगा और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा।
Bihar River Dredging Policy 2026, पटना: बिहार में बाढ़ प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार नदियों से गाद और बालू के टीलों को वैज्ञानिक तरीके से हटाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए जल संसाधन विभाग ड्रेजिंग और सिल्ट रिमूवल की व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर रहा है। बुधवार को उप मुख्यमंत्री-सह-जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सिंचाई भवन स्थित विभागीय सभागार में विशेषज्ञ एजेंसियों के साथ बैठक हुई। इसमें ड्रेजर और बार्ज के तकनीकी पहलुओं, मशीनरी की उपलब्धता और बाढ़ के दौरान त्वरित कार्रवाई की क्षमता पर चर्चा की गई।
नदियों में गाद और बालू के टीले बढ़ा रहे कटाव का खतरा
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार की नदियों के तल में गाद जमने और बालू के टीले यानी शोल्स बनने से नदी के प्रवाह की दिशा और प्रकृति प्रभावित होती है। इसके कारण तटबंधों, नदी किनारे के संवेदनशील स्थलों और संबंधित संरचनाओं पर कटाव का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि सिल्ट हर जगह समस्या नहीं है, बल्कि कुछ स्थानों पर यह उपयोगी भी हो सकती है। इसलिए नदी से गाद हटाने का निर्णय बिना तकनीकी अध्ययन के नहीं लिया जाएगा। राज्य सरकार ने इस चुनौती से निपटने के लिए बिहार जलस्रोत पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति, 2026 बनाई है।
तकनीकी अध्ययन के बाद तय होगी गाद हटाने की जगह
विजय कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया कि नदी के किस हिस्से से और कितनी मात्रा में सिल्ट हटाई जानी है, इसका निर्धारण जल संसाधन विभाग तकनीकी अध्ययन के आधार पर करेगा। उन्होंने विशेषज्ञ एजेंसियों से प्रभावी और व्यावहारिक तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने की अपेक्षा की। साथ ही, इस दिशा में काम करने वाली एजेंसियों को विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग देने का भरोसा भी दिया। बैठक में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के निदेशक अरविन्द कुमार और ड्रेजर एवं बार्ज बनाने वाली 12 कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। एजेंसियों ने बाढ़ प्रबंधन में ड्रेजिंग और बार्ज के उपयोग से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
बाढ़ प्रबंधन की कार्ययोजना में शामिल होगी ड्रेजिंग
जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि आगामी बाढ़ प्रबंधन कार्ययोजना में ड्रेजिंग और सिल्ट रिमूवल को व्यवस्थित रूप से शामिल किया जाएगा। इसके लिए सर्वेक्षण और तकनीकी अध्ययन कर उन स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां नदी की जल प्रवाह क्षमता बेहतर बनाने के लिए गाद हटाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नदी से निकाली गई गाद के सुरक्षित परिवहन और निर्धारित स्थलों पर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की व्यवस्था भी की जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गाद हटाने की प्रक्रिया योजनाबद्ध और तकनीकी मानकों के अनुरूप हो।

गाद के परिवहन में बार्ज का होगा उपयोग
बैठक में ड्रेजिंग के दौरान निकाली गई गाद के परिवहन में बार्ज की भूमिका पर भी चर्चा हुई। सचिव के अनुसार, बार्ज के माध्यम से गाद को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के साथ-साथ विभिन्न कार्यस्थलों तक जरूरी उपकरण और निर्माण सामग्री पहुंचाई जा सकती है। विभाग का मानना है कि नदी आधारित कार्यों में बार्ज का उपयोग उपयोगी साबित हो सकता है। इसके लिए उपयुक्त मशीनरी और परिवहन व्यवस्था की तकनीकी क्षमता का आकलन किया जाएगा।

विशेषज्ञ एजेंसियों को सूचीबद्ध करने की तैयारी
बैठक का एक प्रमुख उद्देश्य ड्रेजिंग, सिल्ट रिमूवल और बाढ़ प्रबंधन से जुड़े कार्यों के लिए सक्षम विशेषज्ञ एजेंसियों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध करना रहा। इससे बाढ़ अवधि से पहले और बाढ़ के दौरान जरूरत के अनुसार उनकी सेवाएं ली जा सकेंगी। एजेंसियों के चयन में मशीनरी और उपकरणों की उपलब्धता, उनके संचालन एवं रखरखाव की क्षमता तथा आपात स्थिति में तेजी से काम पूरा करने की योग्यता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। बैठक में तकनीकी परामर्शी मनोज रमण, परामर्शी रवीन्द्र शंकर, आई.सी. ठाकुर, अभियंता प्रमुख वरुण कुमार सहित जल संसाधन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Bihar River Dredging Policy 2026 क्या है?
यह नीति बिहार की नदियों से गाद और बालू को वैज्ञानिक तरीके से हटाने के लिए बनाई गई है। इसका उद्देश्य नदी के प्रवाह में सुधार करके बाढ़ प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना है।
नदियों में गाद जमने से क्या समस्या होती है?
गाद और बालू के टीले से नदी के प्रवाह की दिशा और प्रकृति प्रभावित होती है, जिससे तटबंधों और नदी किनारे के संवेदनशील स्थलों पर कटाव का खतरा बढ़ जाता है।
गाद को किस माध्यम से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जाएगा?
निकाली गई गाद को बार्ज के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जाएगा। बार्ज का उपयोग जरूरी उपकरण और निर्माण सामग्री भी पहुंचाने के लिए किया जा सकता है।
गाद हटाने की जगह का निर्धारण कैसे होगा?
नदी के किस हिस्से से और कितनी मात्रा में सिल्ट हटानी है, यह निर्धारण जल संसाधन विभाग तकनीकी अध्ययन के आधार पर करेगा। सिल्ट हर जगह समस्या नहीं है, इसलिए तकनीकी अध्ययन के बिना कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा।
Highlights


















