Patna Sahib 360th Prakash Parv 2027: गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर पटना में क्या-क्या होगा खास? जानें टेंट सिटी से ड्रोन शो तक की तैयारी

Patna Sahib 360th Prakash Parv 2027: सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की 360वीं जयंती यानी प्रकाश पर्व-2027 के भव्य आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। यह पर्व 9 से 16 जनवरी 2027 तक तख्त श्री हरमंदिर जी, पटना साहिब में ‘बिहार है तैयार-जी आयां नू’ थीम के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को 31 दिसंबर 2026 तक अधिकांश आधारभूत और व्यवस्थागत कार्य हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आतिथ्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और तैयारियों की नियमित निगरानी करने को कहा।

20 हजार श्रद्धालुओं के लिए बनेगी टेंट सिटी, 1000 ड्रोन दिखाएंगे करतब

प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पर्यटन विभाग कंगन घाट से गुरु का बाग तक करीब 20 हजार लोगों की क्षमता वाली टेंट सिटी तैयार करेगा। इसके अलावा 10 हजार श्रद्धालुओं के लिए दीवान हॉल बनाया जाएगा। लंगर के लिए विशेष हैंगर और गतका तथा पारंपरिक खेलों के आयोजन के लिए स्टेडियम की व्यवस्था भी की जाएगी। बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैटरी चालित वाहनों का इंतजाम होगा। 15 जनवरी को कंगन घाट पर 1000 ड्रोन का विशेष शो आयोजित किया जाएगा। वहीं, 16 जनवरी को तड़के आतिशबाजी की व्यवस्था प्रस्तावित है। श्रद्धालुओं को जरूरी जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित मोबाइल ऐप भी तैयार किया जा रहा है।

9 और 10 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय सिख सम्मेलन

कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से 9 और 10 जनवरी 2027 को पटना के ज्ञान भवन में अंतरराष्ट्रीय सिख सम्मेलन आयोजित करने की योजना है। इसके अतिरिक्त 10 जनवरी को गांधी मैदान में ‘सभ्याचार’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। इन आयोजनों के जरिए सिख परंपरा, संस्कृति और विरासत को व्यापक मंच देने की तैयारी है।

25 दिसंबर तक दुरुस्त होंगी सड़कें और बिजली व्यवस्था

श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए पथ निर्माण विभाग को अशोक राजपथ से कंगन घाट, न्यू बाईपास लिंक पथ और पटना साहिब रेलवे स्टेशन के आसपास की सड़कों की मरम्मत 25 दिसंबर 2026 तक पूरी करने का निर्देश दिया गया है। ऊर्जा विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ हरमंदिर गली और आसपास की गलियों में लटकते बिजली तारों को हटाने का काम भी 25 दिसंबर तक पूरा करना है। इससे आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

62 स्कूलों में ठहरेंगे श्रद्धालु और 10 हजार पुलिसकर्मी

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर विकास विभाग, पटना नगर निगम और पीएचईडी की ओर से स्वच्छता एवं पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। कंगन घाट से गुरु का बाग तक स्थायी सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा अस्थायी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), चलंत शौचालय, 57 पानी के टैंकर और 10 वाटर एटीएम की व्यवस्था होगी। शिक्षा विभाग ने श्रद्धालुओं और करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए 62 विद्यालयों को चिह्नित किया है। आयोजन के दौरान आवासन और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को समय पर तैयारी पूरी करने को कहा गया है।

Patna Sahib 360th Prakash Parv 2027 1

अस्थायी अस्पताल और 15 नए पुलिस चेक पोस्ट बनेंगे

स्वास्थ्य विभाग की ओर से कंगन घाट, बाईपास थाना के निकट और गांधी मैदान स्थित टेंट सिटी में अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे। पीएमसीएच, एनएमसीएच और गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में श्रद्धालुओं के लिए समर्पित वार्ड तैयार किए जाएंगे। प्रमुख रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डे और गुरुद्वारों सहित 14 स्थानों पर मेडिकल टीमों की तैनाती होगी। वहीं, गृह विभाग यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराएगा और 15 नए चेक पोस्ट स्थापित करेगा। आयोजन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।

Patna Sahib 360th Prakash Parv 2027 2

पटना के लिए अतिरिक्त विमान और विशेष ट्रेनें चलाने का अनुरोध

देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए अमृतसर, चंडीगढ़, दिल्ली और मुंबई से पटना के लिए अतिरिक्त विमान सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों से पटना साहिब तक विशेष ट्रेनें चलाने के लिए केंद्र सरकार और रेलवे बोर्ड से आग्रह किया गया है। गायघाट से कंगन घाट के बीच कैटामरैन सेवा चलाने की योजना भी बनाई जा रही है। वहीं, लंगर के लिए सुधा डेयरी पर्याप्त मात्रा में दूध, पनीर और घी की आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।

Patna Sahib 360th Prakash Parv 2027 3

31 दिसंबर तक तैयारियां पूरी करने का निर्देश

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी विभागों को काम की नियमित मॉनिटरिंग करने और टेंडर तथा खरीद से जुड़ी प्रक्रियाओं में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी हों, ताकि प्रकाश पर्व में शामिल होने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बिहार की आतिथ्य परंपरा का सुखद अनुभव लेकर लौटें।

यह भी पढ़ें: Maheshpur 63 KVA Transformer: पाकुड़ के मकदुमपुर गांव को मिली बिजली संकट से राहत, उपासना मरांडी की पहल पर लगा नया ट्रांसफार्मर

यह खबर शेयर करें
FacebookXTelegram

Bihar Trainee IPS Officers Meeting 2026: बिहार के 10 प्रशिक्षु IPS...

Bihar Trainee IPS Officers Meeting 2026, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 2025 बैच के प्रशिक्षु भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों को कानून-व्यवस्था,...

Maheshpur 63 KVA Transformer: पाकुड़ के मकदुमपुर गांव को मिली बिजली...

Maheshpur 63 KVA Transformer: झारखंड के पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड अंतर्गत सिलमपुर पंचायत के मकदुमपुर गांव के ग्रामीणों को लंबे समय से जारी...

Bihar State Games 2026: बिहार स्टेट गेम्स 2026 में बड़ा बदलाव,...

Bihar State Games 2026, पटना: बिहार स्टेट गेम्स 2026 को तकनीक के माध्यम से अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की तैयारी की जा रही...