Hazaribagh: जिले के जिला परिषद चौक पर बीते दिनों एक विशेष संघ के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा मनुस्मृति ग्रंथ की प्रतियां जलाकर विरोध किए जाने की घटना के बाद स्थानीय सनातन धर्मावलंबियों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। इस घटना को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए आज स्थानीय लोगों ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप:
सनातन धर्म रक्षक पुरुषोत्तम पांडेय ने कहा कि मनुस्मृति का दहन समाज में वैमनस्य और तनाव फैलाने का प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग:
वहीं स्थानीय समाजसेवी रवि पांडेय ने भी प्रशासन से मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना है कि धार्मिक ग्रंथों का सार्वजनिक रूप से दहन समाज में अशांति फैलाने का कारण बन सकता है, जिसे रोकना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच:
इस संबंध में सदर थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि शिकायत आवेदन प्राप्त हो चुका है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
रिपोर्टः शशांक शेखर
Highlights


