गया : बिहार के गया में गयापाल पंडा के साथ अपराधियों ने पुलिस बनकर सोने के जेवरात ठगी की घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने करीब ढाई लाख मूल्य के जेवरात झांसे में लेकर ले लिए और फिर चलते बने। यह मामला गया शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के समीप का है। दरअसल, गयापाल पंडा गोविंद लाल महतो किसी काम से स्टेशन को गए थे। स्टेशन से लौट रहे थे, तो सिविल लाइन थाना से थोड़ी दूरी पर अपनी बाइक से पहुंचे थे। इसी क्रम में बाइक सवार दो की संख्या में रहे अपराधी पहुंचे और खुद को पुलिस वाला बताकर उन्हें झांसे में ले लिया।
आपको बता दें कि उन्होंने कहा कि आगे चाकू मारकर सोने के जेेवरात की छिनतई हो रही है। अपने सोने के चेन और अंगूठी निकालकर पैकेट में रख लीजिए। झांसे में आए गयापाल पंडा ने ऐसा ही किया। किंतु अपराधियों ने कहा कि लाइए उसे कागज में कर देता हूं और फिर कागज में लपेटकर दे दिया। लेकिन थोड़ी देर बाद जब गयापाल पंडा ने उस कागज को खोला तो उसमें उनके सोने के चेन और अंगूठी के बजाय छोटे-छोटे पत्थर निकले। इससे उनके होश उड़ गए और फिर थाने में पहुंचे।
स्टेशन से लौट रहे थे, पुलिस बता अपराधियों ने ओवरटेक करके रोका
जानकारी के अनुसार, विष्णुपद थाना अंतर्गत चांद चौरा काठागच्ची मोहल्ले के रहने वाले गयापाल पंडा गोविंद लाल महतो 24 जून की सुबह को गया रेलवे स्टेशन से वापस अपने घर को लौट रहे थे। इस क्रम में सिविल लाइन रोड में थे। इस बीच बाइक सवार दो की संख्या में लोग आए और खुद को पुलिस वाला बताया। खुद को क्राइम ब्रांच का बताते हुए कहा कि स्टेशन रोड में चाकू मार कर चेन छिनतई हो गया है। इसे लेकर हमलोग ड्यूटी में है। आप अपना चेन और अंगूठी खोलकर जेब में रख लीजिए।
झांसे में आए, निकला पत्थर
इस तरह की बातों के झांसे में गयापाल पंडा गोविंद लाल महतो आ गए और उन्होंने अपना अंगूठी और चेन निकालकर पैकेट में रख लिया। इस बीच खुद को पुलिस बता रहे अपराधियों ने कहा कि लाइए उसे एक कागज में कर देता हूं। इसके बाद एक कागज में करके गयापाल पंडा गोविंद लाल महतो को दिया, लेकिन गोविंद लाल महतो यह नहीं समझ पाए कि उनके जेवरात के बजाय बदलकर कुछ और दे दिया गया है। वह इतने विश्वास में थे, कि कागज पैकेट में रखकर चलते बने और करीब एक किलोमीटर जाने के बाद राजेंद्र आश्रम के समीप उन्होंने कागज को खोलकर अपने सोने के चेन और अंगूठी को पहनना चाहा, लेकिन जब कागज खोला, तो उनके होश उड़ गए।
कागज में थे छोटे-छोटे पत्थर
दरअसल, कागज देते समय अपराधियों ने उसे बदल दिया था। सोने के अंगूठी सोने के चेन के बजाए छोटे-छोटे पत्थर पहले से ही पैक कर अपराधियों ने रखे थे और वही कागज गोविंद लाल महतो को दे दिया था। गोविंद लाल महतो ने जब छोटे-छोटे पत्थर देखे, तो उनके होश उड़ गए और फिर वह सिविल लाइन थाना में पहुंचे। उन्होंने सिविल लाइन थाना में इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, इस तरह की घटना सामने आने के बाद सिविल लाइन थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। अपराधियों को चिन्हित करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
पहले भी हो चुकी है इस तरह की कई घटनाएं
गौरतलब हो कि पहले भी गया शहर में इस तरह की घटनाएं हो चुकी है। गया शहर के कोतवाली, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस बनकर पहले भी अपराधियों ने कई को शिकार बनाया है। इस बार भी अपराधी अपनी मंशा में कामयाब रहे और करीब ढाई लाख के रहे सोने के चेन और अंगूठी लेकर फरार हो गए। वहीं पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है और मामले के खुलासे के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है।
जल्द ही घटना का कर लिया जाएगा खुलासा – थानाध्यक्ष
वहीं, इस संबंध में सिविल लाइन थानाध्यक्ष शमीम अहमद ने बताया कि खुद को पुलिस बताकर अपराधियों द्वारा इस तरह की घटना की गई है। मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही अपराधी गिरफ्त में होंगे। पुलिस की कार्रवाई चल रही है।
यह भी पढ़े : रिमांड होम में नाबालिग का फंदे से लटका हुआ मिला शव, मची सनसनी
यह भी देखें : https://youtube.com/22scope
आशीष कुमार की रिपोर्ट
Highlights


