Ramgarh: युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से आयोजित होने वाली “दौड़ेगा रामगढ़, बढ़ेगा रामगढ़” Mini Marathon को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में आज आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल के नेतृत्व में मैराथन के निर्धारित रूट का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस निरीक्षण में रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, ट्रैफिक थाना के शंकर कुमार तथा बरकाकाना थाना के राजेंद्र उरांव विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने पूरे रूट का बारीकी से जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण एवं धावकों की सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की।
Mini Marathon का आयोजन दिनांक 05 अप्रैल को होगा
Mini Marathon का आयोजन दिनांक 05 अप्रैल को सुबह 06:00 बजे से किया जाएगा। दौड़ का प्रारंभ छावनी मैदान (फुटबॉल ग्राउंड) से होगा, जो सुभाष चौक होते हुए बंजारी मंदिर, बरकाकाना रेलवे कंट्रोल ऑफिस तक जाएगी और पुनः वहीं से लौटकर छावनी मैदान (फुटबॉल ग्राउंड) में समाप्त होगी। यह रूट शहर के प्रमुख स्थानों से होकर गुजरता है, जिससे आमजन भी इस आयोजन से सीधे जुड़ सकेंगे।
धावकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी
निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि मैराथन के दौरान धावकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। पूरे रूट पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा धावकों के साथ पुलिस स्कॉर्ट, पैंथर मोबाइल और एंबुलेंस लगातार साथ-साथ चलेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके साथ ही छावनी मैदान से सुभाष चौक होते हुए बरकाकाना तक मैराथन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। निर्धारित समय के दौरान इस मार्ग पर यातायात को पूरी तरह से रोक दिया जाएगा, ताकि धावकों को सुरक्षित एवं बाधारहित वातावरण मिल सके।
जगह-जगह पेयजल के स्टॉल लगाए जाएंगे
प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे रूट पर जगह-जगह पेयजल के स्टॉल लगाए जाएंगे। वहीं, मैराथन के सुचारू एवं तकनीकी संचालन के लिए एसोसिएशन द्वारा प्रशिक्षित टेक्निकल ऑफिशियल्स की टीम भी तैनात की गई है, जो दौड़ की निगरानी और परिणामों की निष्पक्षता सुनिश्चित करेगी। इस भव्य आयोजन में लगभग 1500 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं एवं खेल प्रेमी भाग लेंगे। इस आयोजन को लेकर स्थानीय शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग इसे रामगढ़ की पहचान से जोड़कर देख रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान आयोजन समिति के सदस्य अंकित रनर, सुमित कुमार, राहुल पासवान, विनीत यादव, सिकंदर पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी दिए। यह मिनी मैराथन न केवल खेल को बढ़ावा देने का एक प्रयास है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि एक स्वस्थ, जागरूक और सक्रिय समाज ही एक विकसित रामगढ़ की नींव रख सकता है।
Highlights







