देसी मांगुर बनी झारखंड की राजकीय मछली, कैबिनेट से प्रस्ताव पास

284
झारखंड कैबिनेट की बैठक
Advertisment

रांची. सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज झारखंड कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें 18 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। यह बैठक प्रोजेक्ट भवन में हुई। बैठक के बाद कैबिनेट सचिव ने प्रेस ब्रीफिंग कर कैबिनेट में पास हुए प्रस्तावों की जानकारी दी।

Advertisment

देसी मांगुर बनी झारखंड की राजकीय मछली

कैबिनेट ने देसी मांगुर मछली को झारखंड की राजकीय मछली घोषित करने की स्वीकृति दी है। इस निर्णय के बाद राज्य में इस प्रजाति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कदम उठाए जाएंगे।

कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि बैठक में झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र को आहूत करने की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही नेतरहाट विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को पुरानी पेंशन योजना के दायरे में लाने का फैसला लिया गया। इसके अलावा, राज्य के पॉलिटेक्निक कॉलेजों में संविदा पर कार्यरत 24 शिक्षकेत्तर कर्मियों की सेवाओं का नियमितीकरण भी मंजूर किया गया है।

ई-साक्ष्य और ई-समन को मान्यता

कैबिनेट ने देश में लागू तीन नए आपराधिक कानूनों के तहत ई-साक्ष्य (E-Evidence) और ई-समन (E-Summon) को राज्य में मान्यता देने की स्वीकृति दी है। साथ ही, इंडिया रिजर्व बटालियन की नियुक्ति में शारीरिक दक्षता मानकों में संशोधन किया गया है। अब पुरुषों के लिए 1600 मीटर दौड़ का समय 6 मिनट और महिलाओं के लिए 10 मिनट तय किया गया है।

नियुक्ति और सड़क परियोजनाओं पर निर्णय

बैठक में झारखंड राज्य पुलिस रेडियो की नियुक्ति नियमावली में संशोधन, गिरिडीह-जमुआ सड़क के लिए धनराशि की स्वीकृति, तथा गारंटी मोचन निधि के संचालन हेतु भारतीय रिजर्व बैंक से जारी अधिसूचना के प्रारूप पर सहमति दी गई है।

वन विभाग और शिक्षा में नई पहल

वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अंतर्गत 3883 वनरक्षी पदों में से 1315 पदों को प्रधान वनरक्षी पद में परिवर्तित करने के लिए संशोधन स्वीकृत किया गया है। साथ ही, राज्य के सभी 24 जिलों के मुख्यमंत्री उत्कृष्ठ विद्यालयों में STEM Lab की स्थापना को मंजूरी दी गई है।

देवघर में बनेगा चार सितारा होटल

पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए देवघर में होटल बैद्यनाथ विहार को पीपीपी मोड पर चार सितारा श्रेणी के होटल के रूप में विकसित करने की योजना को स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹113.97 करोड़ है।

इससे पहले 3 नवंबर को हुई थी झारखंड कैबिनेट की बैठक

इससे पहले सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 3 नवंबर को झारखंड कैबिनेट की बैठक हुई थी। यह बैठक प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में हुई थी। इसमें 13 प्रस्तावों पर मुहर लगी थी। बैठक में सलीमा टेटे को आवास देने के प्रस्ताव को कैबिनेट में पास किया गया था।

Advertisement
error: Content is protected !!
Follow 22Scope Channel Get Breaking Updates