रांची में पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग पर बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। सर्राफा बाजार में 20 करोड़ का कारोबार, इलेक्ट्रॉनिक्स बिक्री में 30% तक उछाल।
Dhanteras 2026 रांची: Dhanteras से पांच दिन पहले रविवार को पुष्य नक्षत्र के महासंयोग ने राजधानी रांची के बाजारों में रौनक बढ़ा दी। सोना-चांदी की कीमतों में हालिया गिरावट और शुभ खरीदारी के संयोग से सर्राफा, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। अकेले सर्राफा बाजार में करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में पिछले साल की तुलना में 20 से 30 प्रतिशत तक बिक्री बढ़ने का अनुमान है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस के मुख्य दिन कारोबार में पांच से छह गुना तक वृद्धि हो सकती है।
Dhanteras 2026: पुष्य नक्षत्र पर रांची के बाजारों में जमकर हुई खरीदारी, सर्राफा बाजार में 20 करोड़ का कारोबार
पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर रांची के प्रमुख बाजारों और शोरूम में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी। सोना-चांदी के आभूषणों के अलावा घरों की सजावट के सामान, दीये, लाइट्स और अन्य पूजन सामग्री की खूब खरीदारी हुई।
अंबिका ज्वेलर्स, स्वास्तिक ज्वेलर्स और श्री अलंकार ज्वेलर्स के प्रबंधकों के अनुसार, शरद पूर्णिमा के बाद से ही दिवाली, धनतेरस और वैवाहिक सीजन की खरीदारी में तेजी आई है। ग्राहकों ने शुभ मुहूर्त को देखते हुए रविवार को भी जमकर खरीदारी की।
वाहनों के बाजार में भी धनतेरस की तैयारियां तेज हो गई हैं। ग्राहकों ने पहले से बुक की गई गाड़ियों की डिलीवरी लेना शुरू कर दिया है। प्रेमसंस के सुखवीर सिंह ने बताया कि धनतेरस के लिए बुक वाहनों की डिलीवरी रविवार से ही शुरू कर दी गई है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस के मुख्य दिन बिक्री में पांच से छह गुना तक उछाल आ सकता है।
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट से बढ़ा उत्साह, ज्वेलरी पर मिल रहे आकर्षक Offers
सोने और चांदी की कीमतों में हालिया कमी ने ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित किया है। इस बार बाजार में भारी आभूषणों के बजाय हल्के वजन की ज्वेलरी की मांग अधिक है। ग्राहक अपने बजट के अनुसार छोटी चेन, अंगूठी और कान की बालियां पसंद कर रहे हैं।
सोना-चांदी व्यवसायी समिति के अध्यक्ष जीतेंद्र वर्मा ने बताया कि बाजार में तीन ग्राम तक की चेन के साथ एक ग्राम की अंगूठी और कान की बालियां भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा 18 और 9 कैरेट के आभूषणों की ओर भी ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। धनतेरस के अवसर पर चांदी की मांग अधिक रहने की उम्मीद है।
सर्राफा कारोबारियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई विशेष ऑफर भी पेश किए हैं।
सोने के गहनों के मेकिंग चार्ज पर 50 प्रतिशत तक की छूट।
डायमंड ज्वेलरी की वैल्यू पर 30 प्रतिशत तक की छूट।
गोल्ड रेट पर 1,000 से 3,000 रुपये तक की राहत।
गोल्ड एक्सचेंज पर शून्य प्रतिशत कटौती का लाभ।
प्लेन गोल्ड ज्वेलरी पर मेकिंग चार्ज 3.99 प्रतिशत से शुरू।
गोल्ड खरीदारी पर विशेष रेट ऑफर।
ईएमआई की सुविधा से भी ग्राहकों को खरीदारी में आसानी।
Electronics Market में 30 प्रतिशत तक बढ़ी बिक्री, धनतेरस की बुकिंग तेज
रांची के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी पुष्य नक्षत्र के अवसर पर अच्छी खरीदारी देखने को मिली। रविवार को ग्राहकों ने टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अन्य घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की खरीदारी के साथ धनतेरस के लिए भी बुकिंग कराई।
सुनेजा संस के संचालक सुनील सुनेजा के अनुसार, इस वर्ष इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में पिछले साल की तुलना में 20 से 30 प्रतिशत तक बिक्री में वृद्धि हुई है। दुर्गा पूजा के दौरान भी शानदार बुकिंग और बिक्री दर्ज की गई थी।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनियां इस बार उपहारों के बजाय सीधे कैश डिस्काउंट, क्रेडिट कार्ड पर आकर्षक कैशबैक और तीन साल की एक्सटेंडेड वारंटी दे रही हैं। वहीं, स्नेहा ब्रांड शॉप की ओर से खरीदारी पर एक साल का निःशुल्क इंश्योरेंस भी दिया जा रहा है।
कारोबारियों का मानना है कि पुष्य नक्षत्र पर हुई खरीदारी ने धनतेरस के कारोबार के लिए सकारात्मक माहौल तैयार कर दिया है। अब सभी की नजर धनतेरस के मुख्य दिन पर है, जब बाजारों में ग्राहकों की भीड़ और कारोबार दोनों में बड़ी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
Highlights



















