रांची: कोहरे के कारण ट्रेनों के विलंब और रद्द होने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से दिल्ली और बिहार जाने वाली ट्रेनों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है। गुरुवार को पटना से रांची आने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस लगभग साढ़े तीन घंटे विलंब से आई और रवाना हुई।
इस ट्रेन का रांची पहुंचने का समय दोपहर 1:25 बजे और प्रस्थान का समय 2:25 बजे था, लेकिन यह शाम 4:30 बजे के बाद आई और विलंब से ही पटना रवाना हुई। यह ट्रेन पिछले दो दिनों से विलंब से चल रही है।
इसके अलावा, अन्य कई ट्रेनें भी विलंब से चल रही हैं, जिसके कारण स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। कई यात्रियों को जब वे निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंचते हैं, तो उन्हें जानकारी मिलती है कि उनकी ट्रेन विलंब से आएगी।
दिल्ली जाने वाली ट्रेनों की स्थिति और भी गंभीर है। कोहरे के कारण रांची रेलमंडल से दिल्ली जाने वाली चार प्रमुख ट्रेनें आगामी दिनों में रद्द रह सकती हैं। इनमें आनंद विहार टर्मिनल-रांची संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 29 जनवरी, रांची-आनंद विहार टर्मिनल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 30 जनवरी, रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 29 जनवरी और नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस 31 जनवरी को रद्द किया गया है।