ईडी ने झारखंड और बंगाल में अवैध कोयला खनन केस में 44 ठिकानों पर छापेमारी कर 14 करोड़ से अधिक कैश-जेवरात और 150 जमीन डीड जब्त किये।
ED Raid in Jharkhand–Bengal: झारखंड और पश्चिम बंगाल में अवैध खनन, चोरी, परिवहन और कोयला बिक्री से जुड़े बड़े मनी लाउंडिंग केस में ईडी ने शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाया। एजेंसी ने दोनों राज्यों में कुल 44 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की, जिसमें 14 करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात, नकद, डिजिटल डिवाइस और भूमि संबंधित दस्तावेज बरामद किये गये। यह कार्रवाई कोयला तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई दिनों से चल रही गुप्त जांच के आधार पर की गयी।
Key Highlights
ईडी ने झारखंड और बंगाल में कुल 44 ठिकानों पर छापेमारी की.
14 करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात, कैश और डिजिटल दस्तावेज बरामद.
धनबाद और दुमका के 20 स्थानों पर अवैध खनन और कोयला तस्करी से जुड़े ठिकानों की तलाशी.
अमर मंडल के घर से जमीन से जुड़े 150 गिफ्ट डीड मिले, जांच शुरू.
बंगाल में तीन कोक प्लांट में 7.9 MT अवैध कोयला मिला.
कारोबारी गणेश अग्रवाल, हेमंत गुप्ता, अमर मंडल, अंकित खेमका के ठिकानों से 2.20 करोड़ कैश जब्त.
ED Raid in Jharkhand–Bengal: धनबाद और दुमका में 20 ठिकानों पर छापेमारी
झारखंड में ईडी ने धनबाद और दुमका के 20 ठिकानों की तलाशी ली। इनमें मुख्य रूप से एलबी सिंह (लाल बहादुर सिंह), अनिल गोयल, संजय खेमका, अमर मंडल और उनसे जुड़ी कंपनियों व सहयोगियों के स्थान शामिल हैं। तलाशी के दौरान कई ठिकानों से अवैध कोयला परिवहन और बिक्री से जुड़े दस्तावेज, खाते, हार्ड डिस्क, मोबाइल डिवाइस और जमीन ट्रांसफर से जुड़ी फाइलें मिलीं।
ED Raid in Jharkhand–Bengal:
अमर मंडल के घर से जमीन से जुड़े करीब 150 डीड बरामद हुए हैं। ये सभी गिफ्ट डीड पर आधारित हैं, जिसके सहारे जमीन को अलग-अलग लोगों के नाम ट्रांसफर किया गया था। ईडी ने इन सभी दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है, क्योंकि प्रारंभिक जांच में यह पूरा नेटवर्क अवैध कोयला कारोबार से जुड़ा पाया गया है।
ED Raid in Jharkhand–Bengal: कैश बरामदगी: 2.20 करोड़ रुपये जब्त
छापेमारी में ईडी ने कुल 2.20 करोड़ रुपये नकद जब्त कर लिये। एजेंसी के अनुसार, इन रकमों के बारे में कोई संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
बरामद नकद राशि इस प्रकार है:
गणेश अग्रवाल (धनबाद) के ठिकाने से 94 लाख रुपये
हेमंत गुप्ता से 20 लाख रुपये
अमर मंडल (दुमका) के यहां से करीब 80 लाख रुपये
अंकित खेमका से लगभग 26 लाख रुपये
एजेंसी का कहना है कि यह रकम अवैध कोयला तस्करी और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन का हिस्सा प्रतीत होती है।
ED Raid in Jharkhand–Bengal: पश्चिम बंगाल में 24 स्थानों पर कार्रवाई
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा और कोलकाता में 24 ठिकानों पर तलाशी ली गयी। इनमें आवासीय परिसर, ऑफिस, अवैध टोल प्लाजा और कोक प्लांट शामिल हैं। जांच के दौरान तीन कोक प्लांट में 7.9 मीट्रिक टन अवैध कोयला पाया गया, जिसे जब्त कर लिया गया है।
ईडी को कई स्थानों से ऐसे दस्तावेज भी मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि यह पूरा नेटवर्क स्थानीय अधिकारियों की मिलीभगत से चल रहा था। मामले से जुड़े नरेंद्र खारका, कृष्णा मुरारी कयाल, युधिष्ठिर घोष, राज किशोर यादव, लोकेश सिंह, चिन्मय मंडल, निरद बरन मंडल और अन्य व्यक्तियों के ठिकानों से भी दस्तावेज और डिजिटल डेटा जब्त किये गये हैं।
ED Raid in Jharkhand–Bengal: संगठित रैकेट का संकेत
ईडी के अनुसार, बरामद दस्तावेज़ और डिजिटल रिकॉर्ड एक संगठित रैकेट के अस्तित्व की ओर इशारा करते हैं, जो अवैध खनन से लेकर कोयला परिवहन, चोरी, भंडारण और बिक्री तक की पूरी कड़ी को नियंत्रित करता था। एजेंसी अब डिजिटल डेटा, बैंकिंग लेनदेन और भूमि डीड के जरिए पूरे नेटवर्क का नक्शा खींचने में जुटी है।
Highlights


