Ranchi : आज हेमंत सरकार की नई टीम का गठन हो गया। नई टीम में कुल 11 विधायकों ने आज राजभवन स्थित दीक्षांत मंडप में शपथ ग्रहण किया। इसी नई टीम में जेएमएम से कुल 6 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली तो वहीं कांग्रेस कोटे से कुल 4 विधायकों ने मंत्री बने। वहीं राजद से एक विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली।

Hemant Cabinet : जेएमएम से 6, कांग्रेस कोटे से 4 और राजद से 1 विधायक बने मंत्री
हेमंत सरकार में कुल 11 मंत्रियों में से जेएमएम से 6 मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू (गिरिडीह), योगेंद्र प्रसाद (गोमिया), चमरा लिंडा (बिशुनपुर), रामदास सोरेन (घाटशीला), दीपक बिरुवा (चाईबासा), हफिजुल हसन (मधुपुर) शामिल हैं वहीं कांग्रेस कोटे से 4 मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की (मांडर), इरफान अंसारी (जामताड़ा), दीपिका पांडे सिंह (महागामा) और राधाकृष्ण किशोर (छतरपुर) शामिल हैं। वहीं राजद कोटे से इकलौते संजय प्रसाद यादव (गोड्डा) शामिल है।

इस बार की ये नई हेमंत की टीम कुछ बदली नजर आने वाली है क्योंकि इस बार कई नए चेहरों ने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली है। इस सरकार में कई मंत्री ऐसे हैं जो पहली बार मंत्री बने हैं। इनमें से ”मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की”, ”बिशुनपुर विधायक चमरा लिंडा”, ”गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू”, ”गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद” और गोड्डा विधायक ”संजय प्रसाद यादव” शामिल है।
Hemant Cabinet : शिल्पी नेहा तिर्की सबसे युवा मंत्री बनी

इनमें से शिल्पी नेहा तिर्की पहली बार हेमंत सरकार में सबसे युवा मंत्री बनने जा रही है। बताते चले कि शिल्पी नेहा तिर्की लगातार दूसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची है। शिल्पी ने बीजेपी के सन्नी टोप्पो को हराकर लगातार दूसरी बार विधायक बनी है। इससे पहले उनके पिता बंधु तिर्की पूर्व की झारखंड सरकार में खेल और शिक्षा मंत्री रह चुके हैं।
वहीं अगर बात करें बिशुनपुर विधायक चमरा लिंडा की तो वे लगातार 2009 के बाद चमरा लिंडा लगातार चौथी पर बिशुनपुर सीट से विधायक बने हैं। उन्होंने बीजेपी के समीर उरांव को एकतरफा मुकाबले में हराते हुए लगातार चौथी जीत दर्ज की।
सुदिव्य कुमार सोनू पहली बार बने मंत्री
गिरिडीह विधानसभा सीट से सुदिव्य कुमार सोनू ने बीजेपी के निर्भय कुमार शाहाबादी को फिर से एक बार धूल चटाते हुए विधानसभा पहुंचे हैं। सुदिव्य पहली बार हेमंत कैबिनेट में शामिल हुए हैं।

गोमिया सीट से चुनाव जीतकर आने वाले योगेन्द्र प्रसाद को हेमंत कैबिनेट में भी पहली बार मंत्री बनने का मौका मिला है। योगेन्द्र प्रसाद ने जेएलकेएम की पूजा कुमारी को हराकर पहली बार विधायक बने हैं।
गोड्डा से राजद विधायक संजय प्रसाद यादव पहली बार हेमंत सरकार में मंत्री बने है। इस बार हुए चुनाव में संजय यादव ने बीजेपी के अमित कुमार मंडल को हराकर चुनाव जीता।



















