लखीसराय : लखीसराय शहर के डीएवी पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय पर्व गांधी जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद किया गया। इस दौरान स्वच्छता को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार द्वारा माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के समस्त शिक्षकों द्वारा पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार ने कहा कि ‘सत्य और अहिंसा’ गांधीवादी विचारधारा के आधारभूत सिद्धांत हैं। आज भी यह सिद्धांत समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। गांधी जी का मानना था कि जहां सत्य है, वहां ईश्वर है, वहीं नैतिकता भी है। हम अपने विचारों और कार्यों में अहिंसा को अपनाकर असंभव कार्य को भी सिद्ध कर सकते हैं। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के विचार हर काम की अपनी एक गरिमा है और हर काम को अपनी पूरी क्षमता से करने में ही संतोष मिलता है। को भी अमल में लाने की बात की।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार ने एक स्लोगन दिया कि ‘हम न गंदगी करेंगे, न करने देंगे’ उन्होंने आह्वान किया कि आज के इस राष्ट्रीय पर्व पर हम अपने विद्यालय में एक घंटे का श्रमदान करेंगे। साथ ही अपने घर, परिवार, मोहल्ले और सहित गांव-शहर में भी स्वच्छता अभियान चलाकर गांधीजी के स्वच्छ समाज के सपने को पूर्ण करेंगे। इसके बाद प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार की अगुवाई में सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विद्यालय के प्रांगण की साफ-सफाई की। सभी कक्षाचार्यों ने अपनी-अपनी कक्षाओं को व्यवस्थित किया, वहां की साफ-सफाई की।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक एनआर नायक ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि हमें महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के सिद्धांत “अनुशासन और एकजुट कार्रवाई किसी भी कार्य को सिद्ध करने के वास्तविक स्रोत हैं। उसे आत्मसात करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से सुनील कुमार, एसएन तिवारी, डॉ. समीर कुमार पाठक, केपीसी सिन्हा, प्रतीक कुमार सिंह और मलय कर्माकार का योगदान उल्लेखनीय रहा।
https://22scope.com/katihar-district-residents-get-new-gift-on-gandhi-jayanti/
मनोज कुमार की रिपोर्ट


