
Giridih Accident : गिरिडीह के तिसरी में भीषण सड़क हादसा हुआ है जहां बिहार से मवेशी खरीदकर लौट रहे किसानों की गाड़ी सड़क से 10 फिट दूर गड्ढे में जा पलटी। इस दुर्घटना में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जबकि मवेशियों को भी चोट लगी है। यह घटना गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के थम्भाचक की बताई जा रही है।

Giridih Accident : बिहार के छपरा से मवेशी खरीद कर लौट रहे थे सभी
मिली जानकारी के मुताबिक गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र के कुछ किसान दुधारू गाय खरीदने के लिए बिहार के छपरा गए हुए थे। वहां से मवेशी खरीदने के बाद वे सभी लोग एक पिकअप वाहन में गाय और बछड़ा समेत चार मवेशियों को लोड कर खुद भी उसी गाड़ी में सवार हो गए। वापसी के दौरान शनिवार की सुबह तिसरी थाना क्षेत्र के थम्भाचक के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से 10 फीट दूर गड्ढे में जा पलटी।

7 लोग गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में मवेशी खरीदने गए कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि मवेशियों को भी चोटें आई है। वहीं घटना के बाद वाहन चालक मौके पर से फरार बताया जा रहा है। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घायलों में देवरी के ढेंगाडीह के रहने वाले अजय कुमार राणा, भरत वर्मा, राजेश वर्मा, नीरज वर्मा, श्याम बाबू, कृष्णा वर्मा और प्रभा राणा शामिल हैं। गंभीर रुप से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Highlights




