रांची. 68वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2024-25 में झारखंड की बेटियों ने जीत का डंका बजा दिया है। जम्मू कश्मीर में 6 दिसंबर 2024 से शुरू हुए अंडर-17 बालिका वर्ग राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की बालिका टीम ने हरियाणा को 1-0 से पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया है।
Highlights
राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों का बजा डंका
झारखंड की ओर से अनुष्का कुमारी ने एक गोल किया। इस टीम में इमरान खान कोच और बिंदु कुजूर टीम मैनेजर की भूमिका में हैं। वहीं झारखंड की शानदार जीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के मंत्री रामदास सोरेन, विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग समेत खेल प्रभाग के अन्य पदाधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
रांची में टीम का होगा सम्मान
68वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2024-25 के अंडर-17 बालिका वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता में चैंपियन बनकर झारखंड की बालिका टीम गुरुवार (12 दिसंबर, 2024) को रांची लौटेगी। रांची में टीम का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद में बालिका टीम के सम्मान में स्वागत समारोह भी किया जाएगा।