
रांची: राज्य के 25000 पीडीएस दुकानदार नए साल के पहले दिन से राज्यव्यापी हड़ताल पर चले गए। रांची जिला फेयर प्राईस डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानदेव झा ने कहा कि पूरे राज्य में हड़ताल शुरू हो गई है, जो अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी।
जब तक सरकार हमारी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करेगी, तब तक राज्य के पीडीएस दुकानदार हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि पूरे राज्य से जो खबर आ रही है, उसके अनुसार र सभी दुकानदारों से हड़ताल को अपना समर्थन दिया है।
पीडीएस दुकानदारों की प्रमुख मांगों में साल 2021-22 में पीडीएस दुकानदारों के लिए अनुकंपा के आधार पर आश्रित को दुकान का लाइसेंस दिए जाने के समाप्त किए गए प्रावधान को फिर से लागू करना, पिछले दस साल से मिल रही कमीशन की राशि एक रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़ाकर तीन रुपए प्रति किलोग्राम करना, गुजरात की तर्ज पर राशन दुकानदारों को हर माह मानदेय या प्रोत्साहन राशि केन नाम पर 20 हजार रुपए देना, कोरोना काल के दौरान 2021 से 2022 तक पीडीएस दुकानदारों द्वारा किए गए अनाज वितरण का 13 माह की कमीशन राशि तत्काल देने और पीडीएस दुकानदारों को ई-पॉस मशीन में 2जी सिम के बदले 4जी सिम देना शामिल है।
ज्ञानदेव झा ने बताया कि लंबे समय से पीडीएस दुकानदार सरकार से मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात पर किसी का ध्यान नहीं है। इस कारण यह कदम उठाया गया है।




