पटना : बिहार में अपराधियों का कहर लगातार जारी है। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन भी एक्शन लेते नजर आ रहा है। बिहार में आए दिन एनकाउंटर भी होते देखे जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार की आधी रात पटना सिटी में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ की घटना हुई, जिसमें कुख्यात अपराधी विजय सहनी को दो गोली लगी है।
पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात विजय सहनी घायल
आपको बता दें कि रामकृष्ण नगर थाना अंतर्गत आशु चक में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात विजय सहनी घायल हो गया। 20 से ज्यादा मामलों में आरोपी विजय सहनी दो बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने विजय सहनी पर दबिश बनाने की कवायद शुरू की। मालसलामी थाना, आलमगंज थाना और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विजय पर दबिश बनाया है।
विजय अपने गुर्गे के साथ बड़ी घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी में थे – SSP
पटना सिटी में हुए इस मुठभेड़ पर पटना जिला के वरीय पुलिस अधिकारी (SSP) कार्तिकेय के शर्मा ने मीडिया को बताया कि दो बड़ी घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी में विजय साहनी और उसके गुर्गे इकट्ठा होने वाले थे। इसकी जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली उसके बाद दो थानों की पुलिस और एसटीएफ विजय सहनी को पकड़ने के लिए पहुंचे। एसएसपी ने कहा कि इस दौरान सफल कार्रवाई की गई। जब विजय से उसके ठिकाने और हथियार के बारे में पूछा गया तो उसने सब कुछ कबूला और जहां हथियार रखा था वहां पुलिस को लेकर गया। विजय सहनी ने एक बोरे में हथियार को रखा था। बोरे से हथियार निकालने के क्रम में उसने पुलिस के ऊपर फायरिंग कर दी। एक गोली विजय ने चलाई तो जवाबी कार्रवाई में पुलिस की तरफ से दो फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में दोनों गोलियां विजय के पैरों पर लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे एनएमसीएच में इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
यह भी देखें :
विजय सहनी के ठिकाने से दो हथियार बरामद
पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि विजय सहनी के ठिकाने से दो हथियार बरामद किए गए हैं। विजय ने कई हत्याओं में अपनी संलिप्तता को स्वीकार की है। एसएसपी ने कहा कि उड़ीसा और धनबाद में हुए लूटकांड में भी विजय सहनी संलिप्त है और आज उसने इस बात को स्वीकारा है। एसएसपी ने कहा कि मार्च के महीने में एक होटल व्यवसायी संतोष प्रसाद की हत्या हुई थी। संतोष प्रसाद की हत्या में भी विजय सहनी की संलिप्तता थी। कुख्यात विजय ने स्वीकारा है कि होटल व्यवसायी की हत्या में उसकी संलिप्त रही है।
यह भी पढ़े : अपराधियों ने की गोलीबारी, घर में सो रहे लोग बाल-बाल बचे, दरवाजे व दिवालों पर गोली के निशान…
Highlights