जमशेदपुर के चांडिल में क्रिस्टल होटल के मालिक निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस जमीन विवाद और गैंगवार के एंगल से जांच कर रही है।
Jamshedpur Crime जमशेदपुर:जमशेदपुर के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े क्रिस्टल होटल के मालिक निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना दोपहर करीब 3:30 बजे एनएच-33 स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल परिसर में हुई।
जानकारी के अनुसार, निखार अपने व्यवसाय से जुड़े निजी काम के सिलसिले में दोस्तों के साथ होटल पहुंचे थे। उनके कुछ साथी पार्किंग में कार के अंदर ही बैठे रहे, जबकि निखार होटल के भीतर चले गये। काम पूरा करने के बाद जब वह होटल से बाहर निकल रहे थे, तभी चार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि अपराधी होटल परिसर में निखार की रेकी कर रहे थे। उनके बाहर निकलते ही आरोपी पीछे से पहुंचे और सिर में सटाकर गोलियां चलायीं। इसके बाद चारों अपराधी मौके से फरार हो गये।
Jamshedpur Crime:सिर में लगीं चार गोलियां, नौ खोखे बरामद
फायरिंग की आवाज सुनकर होटल में अफरा-तफरी मच गयी। निखार के साथी तत्काल कार से बाहर निकले और उन्हें संभाला। इसके बाद गंभीर रूप से घायल निखार को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि निखार के सिर में चार गोलियां लगी हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके से नौ खोखे बरामद किये हैं। परिवार के लोग भी सूचना मिलने के बाद टीएमएच पहुंचे।
Key Highlights
क्रिस्टल होटल के मालिक निखार सबलोक की सोमवार दोपहर गोली मारकर हत्या।
चांडिल के टेंथ माइल स्टोन होटल से निकलते समय चार अपराधियों ने की फायरिंग।
निखार के सिर में चार गोलियां लगीं, मौके से नौ खोखे बरामद हुए।
साथियों ने गंभीर हालत में उन्हें टीएमएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस महंगी जमीन के विवाद और आपराधिक गैंगवार के एंगल से जांच कर रही है।
Jamshedpur Crime:जमीन विवाद और गैंगवार के एंगल से जांच
पुलिस शुरुआती जांच में हत्या के पीछे महंगी जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े विवाद और आपराधिक गैंगवार की आशंका की जांच कर रही है। हत्या की साजिश, रेकी और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की जांच कर रही है।
निखार सबलोक कदमा स्थित विजया हेरिटेज के रहने वाले थे। वह पूर्व में भाजपा से जुड़े रहे थे, लेकिन वर्तमान में किसी राजनीतिक दल से उनका संबंध नहीं था। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।


















