रांची: NTA ने गुरुवार शाम JEE Main 2025 सेशन-2 की Final Answer Key अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की, लेकिन महज ढाई घंटे बाद ही इसे बिना कोई कारण बताए हटा लिया गया। यह घटनाक्रम उस समय हुआ जब लाखों छात्र जेईई मेन के संयुक्त रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
NTA ने यह आंसर-की शाम लगभग 6:30 बजे जारी की थी, जिसमें केवल दो फिजिक्स के सवालों को “ड्रॉप” बताया गया था—एक पेज-3 और दूसरा पेज-12 पर। लेकिन रात करीब 8:30 बजे इसे वेबसाइट से हटा लिया गया। छात्रों और विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति भ्रम पैदा करने वाली है, क्योंकि प्रोविजनल आंसर-की पर आपत्तियां दर्ज कराने के बावजूद अधिकांश विवादित प्रश्नों में कोई बदलाव नहीं किया गया।
छात्रों ने आरोप लगाया है कि फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स तीनों विषयों में कई सवाल ऐसे थे जिनमें एक भी विकल्प सही नहीं था, या दो विकल्प सही थे। कुछ प्रश्नों में सवाल की भाषा ही गलत थी। इसके बावजूद NTA ने सिर्फ दो सवालों को ही ड्रॉप किया, जिससे छात्रों में नाराजगी फैल गई। कई छात्रों ने NTA को ईमेल करके सवाल उठाए कि जिन प्रश्नों को उन्होंने चुनौती दी थी, उनमें से कुछ को गलत होते हुए भी सही कैसे माना गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले साल नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के बाद NTA को और अधिक सतर्क रहना चाहिए था। लेकिन अब भी वही चूक दोहराई जा रही है।
हालांकि, NTA की ओर से इस पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है। ना तो सोशल मीडिया पर कोई अपडेट दिया गया और ना ही वेबसाइट पर कोई सूचना डाली गई। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को JEE Main 2025 के दोनों सेशनों का संयुक्त परिणाम जारी किया जा सकता है।