झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। बैजनाथ राम और प्रणव झा 8 जून को संयुक्त रूप से नामांकन दाखिल करेंगे।
Jharkhand Rajya Sabha Election 2026 रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। रविवार देर शाम कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री एवं झामुमो विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई और गठबंधन की एकजुटता का संदेश दिया गया।
बैठक के बाद झामुमो, कांग्रेस, राजद और माले के नेताओं ने संयुक्त रूप से घोषणा की कि महागठबंधन के दोनों उम्मीदवार झामुमो के बैजनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा 8 जून को सुबह 11 बजे एक साथ नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित गठबंधन के सभी वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहेंगे।
Jharkhand Rajya Sabha Election 2026:बैजनाथ राम सामाजिक न्याय की मजबूत आवाज बनेंगे : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यसभा प्रत्याशी बैजनाथ राम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता के संघर्षों, आकांक्षाओं और सामाजिक न्याय की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से गठबंधन की ओर से पूर्व विधायक बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बैजनाथ राम राज्यसभा में राज्य के वंचित, पिछड़े और कमजोर वर्गों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे तथा झारखंड के अधिकारों और हितों की सशक्त पैरवी करेंगे।
Jharkhand Rajya Sabha Election 2026:महागठबंधन के सभी विधायक एकजुट, कंफ्यूजन हुआ दूर
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि बैठक में सर्वसम्मति से दोनों प्रत्याशियों को समर्थन देने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि बैजनाथ राम की सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष उन्हें इस दायित्व के लिए उपयुक्त बनाता है।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि जो थोड़ा-बहुत भ्रम या कंफ्यूजन था, वह अब पूरी तरह समाप्त हो गया है और सभी विधायक गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में मजबूती से खड़े हैं।
Key Highlights
मुख्यमंत्री आवास में इंडिया गठबंधन के विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक।
बैजनाथ राम और प्रणव झा 8 जून को संयुक्त रूप से करेंगे नामांकन।
हेमंत सोरेन ने बैजनाथ राम को सामाजिक न्याय की मजबूत आवाज बताया।
विनोद पांडेय ने कहा, महागठबंधन में अब कोई भ्रम नहीं है।
राजद और माले ने दोनों उम्मीदवारों को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया।
Jharkhand Rajya Sabha Election 2026:भूपेश बघेल ने दूसरे दिन भी की मुख्यमंत्री से मुलाकात
राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। उनके साथ कांग्रेस नेता अजय शर्मा भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने लगभग एक घंटे तक राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा की। हालांकि बैठक में हुई बातचीत के विषय में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।
Jharkhand Rajya Sabha Election 2026:राजद और माले ने भी जताया पूरा भरोसा
राजद कोटे से मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि उनकी पार्टी मजबूती के साथ महागठबंधन के साथ खड़ी है और दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित है। वहीं माले विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि उनकी पार्टी महागठबंधन का अभिन्न हिस्सा है और दोनों विधायक गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नामांकन के दौरान माले के विधायक भी उपस्थित रहेंगे।
Highlights







