रांची: झारखंड में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम सामान्य रहने की संभावना है, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी दर्ज की गई।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 28.4°C और न्यूनतम तापमान 23.4°C रिकॉर्ड किया गया। यहां 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सबसे अधिक वर्षा चाईबासा में 2.6 मिमी हुई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 35.2°C दर्ज किया गया।
13 जुलाई को गरज के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने आज यानी 13 जुलाई को राज्य के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, 14 और 15 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। इसी तरह 17 और 18 जुलाई को भी स्थिति समान रहने की संभावना है।
फिलहाल मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन 13 और 14 जुलाई को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
रांची में बादल और बारिश का बना रहेगा असर
रांची और आसपास के क्षेत्रों में 16 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान 28 से 29°C और न्यूनतम तापमान 23 से 24°C के बीच रहने का अनुमान है।
अब तक सामान्य से अधिक बारिश, लेकिन कुछ जिले सूखे की ओर
1 जून से 12 जुलाई 2025 तक रांची में 423.2 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य 321.8 मिमी से 31% अधिक है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम में सर्वाधिक 865.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 150 मिमी ज्यादा है।
हालांकि, गिरिडीह में 60% और चतरा में 27% कम बारिश हुई है, जो चिंता का विषय है।
आज का तापमान पूर्वानुमान (13 जुलाई 2025):
अधिकतम तापमान: 29°C से 32°C के बीच
न्यूनतम तापमान: 23°C से 26°C के बीच
रांची: अधिकतम 29°C | न्यूनतम 24°C
साहिबगंज: अधिकतम 33°C
सरायकेला: अधिकतम 32°C
बोकारो: अधिकतम 31°C
सिमडेगा और गुमला: न्यूनतम 23°C