JSSC CGL Exam 2023 Result: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने आज (8 दिसंबर) CGL का रिजल्ट जारी किया है. आयोग ने झारखंड हाई कोर्ट के द्वारा दिए गए आदेश के अनुसार यह परिणाम जारी किया है. बता दें झारखंड हाई कोर्ट ने तीन दिसंबर अपना फैसला सुनाते हुए यह आदेश दिया था कि JSSC CGL Exam 2023 का Result जल्द से जल्द जारी करें.
JSSC CGL Exam 2023 Result: 1932 अभ्यर्थी सफल
आयोग द्वारा जारी रिजल्ट में कुल 1,932 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. जानकारी के लिए बता दें, झारखंड हाई कोर्ट के आदेश की कंडिका 153 (4) के आलोक में 10 अभ्यर्थियों का परिणाम लंबित रखा गया है. वहीं इस रिपोर्ट के आधार पर अन्य सफल अभ्यर्थियों की अनुचित कार्यों में संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. जारी रिजल्ट में सफल हुए कुल 1,932 अभ्यर्थी में से सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के 847, प्लानिंग असिस्टेंट के चार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के 170, कनीय सचिवालय सहायक के 293, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के 191, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के 249 तथा अंचल निरीक्षक सह कानूनगो के 178 अभ्यर्थी सम्मिलित हैं.
JSSC CGL Exam 2023 Result: एसआइटी की जांच जारी
आपकी जानकारी के लिए बता दें, साल 2023-24 में हुए JSSC CGL Exam में पेपर लीक होने के आरोप लगे थे, जिसकी जांच सरकार सीआईडी से कराई थी. जिसके बाद इस जांच को सीबीआई के हाथों को सौंपने के लिए झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दाखिल किया गया था. याचिका की सुनवाई के दौरान सरकार ने इसकी जांच सीआईडी की एसआईटी से कराने की बात कही थी. बता दें, अभी तक इसकी अंतिम रिपोर्ट सामने नहीं आई है. पेपर लीक मामले को लेकर सीआईडी ने अभी तक 10 से अधिक अभ्यर्थियों को गिरफ्तार भी किया है. झारखंड हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान सीबीआई जांच की मांग को ठुकराते हुए आयोग को परिणाम जारी करने का आदेश दिया था.
Highlights


