पटना. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति विपुल मनुभाई पंचोली को पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है। वहीं पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आशुतोष कुमार को गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है।
तरलोक सिंह चौहान होंगे झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश
वहीं न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे। इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने सिफारिश की है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड समेत पांच उच्च न्यायालयों के नए मुख्य न्यायाधीश बनाने सिफारिश की है। न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान वर्तमान में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश हैं।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। साथ ही दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विभु बाखरू को कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है।
तीन जजों की सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नति करने की सिफारिश
वहीं कर्नाटक और गुवाहाटी उच्च न्यायालयों के वर्तमान मुख्य न्यायाधीशों, न्यायमूर्ति एनवी अंजारिया और न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई को सर्वोच्च न्यायालय में पदोन्नत करने की सिफारिश की गई है।


















