Giridih – गिरिडीह के तिसरी गांधी मैदान में मंगलवार को इंडी गठबंधन के कोडरमा लोकसभा के माले प्रत्याशी विनोद सिंह के पक्ष में जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य रूप से झामुमो नेत्री सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद, कोडरमा लोकसभा उम्मीदवार विनोद सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार यादव, पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में कल्पना सोरेन (Kalpana Soren) को सुनने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी थी। कार्यक्रम में कल्पना सोरेन ने विनोद सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांडेय विधानसभा क्षेत्र में महिला कॉलेज के साथ-साथ तिसरी में भी डिग्री कॉलेज की भी स्थापना होगी। झारखंड के विकास के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार से 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपए मांगने की हिम्मत की। झारखंडियों का विकास करने वाले, झारखंड के लोगों के बारे में सोचने वाले नेता को आज जेल में डाल दिया गया है।
वहीं राज्य सभा सांसद डॉ.सरफराज अहमद ने कहा कि कोडरमा क्षेत्र के उम्मीदवार विनोद सिंह जो कहते हैं वह करते हैं और वह कभी झूठ नहीं बोलते। 2014 में जब मोदी सरकार बनी तो वादा किया गया कि सभी के खाते में 15 लाख रुपए आएंगे और साल में 2 करोड़ नौकरियां दी जाएंगी लेकिन आज तक कोई वादा पूरा नहीं हुआ। इससे आप समझ सकते हैं केंद्र की सरकार झूठा वादा करती है लिहाजा उनके झांसे में न आएं।
वहीं कोडरमा सीट से इंडिया प्रत्याशी विनोद सिंह ने कहा कि गिरिडीह जिले का सबसे सुनहरा प्रखंड तिसरी की चमक आज खो सी गई है। यहां के सांसद और विधायक ने जो वादा किया था वह अब तक पूरा नहीं किया। वहीं पूर्व विधायक राजकुमार यादव और निजामुद्दीन अंसारी ने कहा कि इंडी गठबंधन की जीत सुनिश्चित है।


















