रांची: तीन दिनों की गर्मी के बाद एक बार फिर ठंड लौट आई है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री लुढ़ककर 10.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है।
गुरुवार को यह तापमान 16 डिग्री सेल्सियस था। तापमान गिरने के साथ ही शुक्रवार सुबह रांची और आसपास के इलाकों में ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे ठंडक बढ़ गई।
दिन का अधिकतम तापमान भी करीब 5 डिग्री गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जिससे पिछले कुछ दिनों से जारी तेज धूप से लोगों को राहत मिली।
शाम होते ही ठंड और बढ़ गई।मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण रांची समेत राज्य के कुछ हिस्सों में ठंड का असर देखने को मिल रहा है।
इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस खूंटी में दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र के मुताबिक, 20 फरवरी को रांची में आसमान में बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।