कटिहार में देर रात गोलियों की गूंज, हथियारबंद बदमाशों की फायरिंग से 15 साल की बच्ची घायल, गांव में दहशत
कटिहार : जिले के बरारी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर बड़ी भैसदियरा गांव में देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब दो हथियारबंद अपराधियों ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
ताबड़तोड़ फायरिंग से गांव में मचा हड़कंप
इस सनसनीखेज घटना में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की दीपिका कुमारी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय निरंजन राय ने बताया कि रात के अंधेरे में दो अपराधी उनके घर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। घर में मौजूद परिजन दहशत में आ गए। इसी दौरान डर के मारे घर से बाहर निकल रही उनकी पोती दीपिका के बाएं हाथ की कोहनी में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ी।
पूरानी रंजिश बना फायरिंग का सबब, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी
घटना को लेकर राधे चौकीदार ने बताया कि उनका पूर्व में तूफानी यादव से विवाद चल रहा था।आशंका जताई जा रही है कि इसी पुरानी रंजिश में तूफानी यादव अपने दो साथियों के साथ घर पहुंचा था। अपराधी उनके पुत्र की तलाश में आए थे और जानकारी न मिलने पर फायरिंग शुरू कर दी। सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।
ये भी पढे : सरकारी डॉक्टर नहीं कर ‘सकेंगे निजी प्रैक्टिस, गांवों में बेहतर सेवा देने वाले डॉक्टरों को मिलेगा प्रोत्साहन
रतन कुमार की रिपोर्ट
Highlights


