रांची: झारखंड की महिलाओं को मिलने वाली मैया सम्मान योजना की 13वीं किस्त को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सरकार 31 अगस्त तक लाभुकों के खाते में अगस्त माह की किस्त भेज सकती है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह 2500 रुपये दिए जाते हैं।
जुलाई माह की किस्त रक्षाबंधन से पहले ही भेज दी गई थी, ताकि लाभुक त्योहार को अच्छे से मना सकें। हालांकि जिन महिलाओं को जुलाई की किस्त आधार सीडिंग की समस्या के कारण नहीं मिली, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। संभावना जताई जा रही है कि अगस्त माह की किस्त के साथ जुलाई की बकाया राशि भी जारी कर दी जाएगी। ऐसे लाभुकों को एकमुश्त 5000 रुपये मिल सकते हैं।
आधार सीडिंग के लिए कैंप
जिन महिलाओं का बैंक खाता अब तक आधार से लिंक नहीं हो पाया है, उनके लिए जिला प्रशासन ने विशेष शिविर आयोजित करने की घोषणा की है। पूर्वी सिंहभूम के डीसी के मुताबिक 26, 28 और 29 अगस्त को जमशेदपुर, मानगो और चाकुलिया के प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में आधार सीडिंग कैंप लगाए जाएंगे।
डीसी ने अपील की है कि सभी लाभुक तय तिथि पर कैंप में उपस्थित होकर आधार सीडिंग करा लें। ऐसा करने पर जुलाई की किस्त के साथ अगस्त माह की किश्त भी समय पर उनके खाते में पहुंच जाएगी।
किस्त को लेकर उत्सुकता
लाभुकों में अगस्त माह की किश्त को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक तिथि घोषित नहीं की गई है, लेकिन संभावना है कि 31 अगस्त तक सभी पात्र महिलाओं के खाते में 2500 रुपये की राशि भेज दी जाएगी।
Highlights


