रांची: उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवा ने झारखंड के मौसम को प्रभावित किया है, जिससे राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह की ठंडी हवा के कारण तापमान में कमी देखी गई, जबकि दिन में तेज धूप से लोगों को गर्मी का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री की और गिरावट की संभावना है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और बारिश का प्रभाव झारखंड में भी देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि शुक्रवार से तापमान में गिरावट होगी, जो 10 फरवरी तक जारी रह सकती है। इसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
शुक्रवार को रांची समेत राज्य के उत्तर और मध्य भाग में सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जबकि दिन में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। शनिवार को पूर्वी और दक्षिणी भागों में भी आंशिक बादल देखे जा सकते हैं। हालांकि, झारखंड में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
गुरुवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बीते 24 घंटों में तापमान में 3.7 डिग्री की गिरावट आई है।



















