कैमूर : दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर बिहार के कैमूर जिले के भभुआ में नकली मिनरल वाटर बनाने वाली फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस की मौजूदगी में छापेमारी कर लाखों रुपये का सामान जब्त किया गया है और पानी यूनिट को सील कर दिया गया है। कैमूर जिला मुख्यालय भभुआ के दादरा रोड स्थित धीरज इंटरप्राइजेज़ में शनिवार को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर छापेमारी की गई। पुलिस बल की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
भारी मात्रा में पानी की बोतलें, नकली स्टीकर और पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि यूनिट में प्रसिद्ध ब्रांड क्लियर के नाम से मिलते-जुलते ब्रांड क्लियर प्लस कॉपर के नाम से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर तैयार किया जा रहा था। मौके से भारी मात्रा में पानी की बोतलें, नकली स्टीकर और पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई। जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।

कोर्ट के निर्देश पर पुलिस प्रशासन की निगरानी में फैक्ट्री परिसर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया – लोकल कमिश्नर अधिवक्ता हिमांशु सेहरा
कोर्ट के निर्देश पर पुलिस प्रशासन की निगरानी में फैक्ट्री परिसर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। तलाशी और जब्ती की पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत पूरी की गई। छापेमारी के दौरान कंपनी के अधिकृत अधिवक्ता राजन द्विवेदी और कोर्ट द्वारा नियुक्त लोकल कमिश्नर अधिवक्ता हिमांशु सेहरा की मौजूदगी में सर्च और जब्ती की कार्रवाई संपन्न कराई गई।

बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी – अधिकारी
अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी। कार्रवाई के बाद अवैध पैकेज्ड पानी कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल फैक्ट्री को सील कर दिया गया है और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली पानी की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।

यह भी पढ़े : बिहार के जलप्रपात बन रहे नए टूरिस्ट हॉटस्पॉट
ओम प्रकाश तिवारी की रिपोर्ट
Highlights












