Pakur Constitution Day Celebration: भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पाकुड़ स्थित एंडेवर एकेडमी के बिरसा मुंडा शिक्षण केंद्र सह पुस्तकालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। BGR Mining & Infra Ltd. के सहयोग से हुए इस आयोजन में बच्चों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, डिबेट प्रतियोगिता और वृक्षारोपण के जरिए विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों से परिचित कराया गया।
संविधान देश का सर्वोच्च कानून: अशोक कुमार शुक्ला
अकादमी के निदेशक विकास तिवारी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम प्रभारी सह अतिथि अध्यापक जेड.एच. विश्वास ने देशभक्ति गीत से की। मुख्य अतिथि स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को संविधान के निर्माण और उसके महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया था और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। संविधान देश का सर्वोच्च कानून है, जिसके आधार पर शासन व्यवस्था संचालित होती है। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना में निहित संप्रभुता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और गणराज्य के मूल्यों के साथ न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के सिद्धांतों को समझाया। उन्होंने बच्चों को मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए संविधान का पालन करने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की रक्षा करने, सार्वजनिक संपत्ति और पर्यावरण की सुरक्षा करने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।

प्रस्तावना पाठ कर लिया संवैधानिक मूल्यों का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। सभी ने संविधान में बताए गए आदर्शों और मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद आयोजित डिबेट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचारों और तर्कों के माध्यम से संविधान के महत्व को सामने रखा। प्रतियोगिता में निधि मिश्रा, आजाद अंसारी, सोमनाथ पाल, सुष्मिता कुमारी, फहीमा खातून, ज्योति सेन, नीली कुमारी, अंजू मुर्मू और मो. अरबाज ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने संविधान को देश की आत्मा बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक को शिक्षा, अभिव्यक्ति और समानता का अधिकार मिलता है। अतिथियों ने बच्चों के आत्मविश्वास और विचार प्रस्तुत करने के तरीके की सराहना की।


आम और जामुन के पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संविधान दिवस के मौके पर नेशनल उर्दू डेवलपमेंट एसोसिएशन की ओर से शिक्षण केंद्र परिसर में वृक्षारोपण किया गया। अतिथियों और बच्चों ने संयुक्त रूप से आम एवं जामुन के पौधे लगाए। साथ ही पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।


बच्चों के अधिकारों की रक्षा में संविधान की अहम भूमिका
स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने बच्चों से संविधान का अध्ययन करने और उसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। यूनिसेफ के जिला कोऑर्डिनेटर मोहम्मद अनीस ने कहा कि बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के अधिकारों की रक्षा में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बेहतर भविष्य के लिए स्वस्थ पर्यावरण को भी जरूरी बताया। कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत की भूमिका और निःशुल्क कानूनी सहायता की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गई। मौके पर पीएलए सदस्य मो. अबरारुल हक, राजीव कुमार झा, एएसआई सुरई टोपे, पीएचईडी के कनीय अभियंता अभिषेक कुमार, मो. इमरान, प्रिंस प्रकाश, नीरज कुमार राउत सहित अन्य गणमान्य लोग, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
संवाददाता: सरोज झा
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















