Bihar Cabinet Decisions 2026: बिहार में पहली बार ई-कैबिनेट से हुई बैठक, जानिए 34 फैसलों में आम लोगों के लिए क्या-क्या है खास

Bihar Cabinet Decisions 2026, पटना: बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार ने तीन जिलों में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का बड़ा फैसला लिया है। नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में कुल 1,294.37 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके लिए 706.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव समेत कुल 34 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। इस बैठक की एक खास बात यह भी रही कि पहली बार ई-कैबिनेट प्रणाली के माध्यम से मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई। सभी मंत्रियों को टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के 11 डॉक्टरों को पांच वर्ष या उससे अधिक समय तक बिना सूचना अनुपस्थित रहने के कारण सेवा से बर्खास्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में जमीन अधिग्रहण

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि नालंदा जिले के इस्लामपुर अंचल के ब्रहगांव में 564.37 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके लिए 382 करोड़ 23 लाख 46 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। समस्तीपुर जिले के खानपुर अंचल के सिवैसिंगपुर मौजा में 144 एकड़, नत्थुद्वार मौजा में 318 एकड़ और विशनपुर आभी मौजा में 18 एकड़ जमीन अधिग्रहित होगी। कुल 480 एकड़ जमीन के लिए 261 करोड़ 91 लाख 31 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, शेखपुरा जिले के चेवाड़ा अंचल के हंसापुर मौजा में 71 एकड़, अस्थावां मौजा में 135 एकड़ और बेंगुचा में 44 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा। कुल 250 एकड़ जमीन के लिए 62 करोड़ 37 लाख 37 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। सरकार की इस पहल से तीनों जिलों में औद्योगिक आधारभूत संरचना विकसित करने और नए निवेश आकर्षित करने का रास्ता खुलेगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। फरवरी 2027 में प्रस्तावित बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 के आयोजन के लिए भी एक एजेंसी का चयन किया गया है। यह एजेंसी एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक काम करेगी।

पांच साल से अनुपस्थित 11 डॉक्टर बर्खास्त

कैबिनेट ने स्वास्थ्य विभाग के 11 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। ये डॉक्टर पांच वर्ष या उससे अधिक समय से बिना सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित थे। इनकी तैनाती सहरसा, भागलपुर, सुपौल, बांका और मधेपुरा जिलों के सदर अस्पताल, सामुदायिक अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में थी। इसके अलावा पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में स्थापित स्टेट कैंसर सेंटर के लिए चार तथा क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए 64 शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। वर्तमान में आईजीआईएमएस में एमबीबीएस की 150 और पीजी की 112 सीटों पर नामांकन की क्षमता है।

सोन नदी के पानी से औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम को राहत

कैबिनेट ने सोन नदी के सतही जल का उपयोग कर औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम क्षेत्रों में पेयजल की दीर्घकालिक उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना के लिए 1,347 करोड़ 32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसका काम मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना से वर्तमान में करीब आठ लाख लोगों को पेयजल सुविधा मिलने की उम्मीद है। वर्ष 2051 तक इससे लगभग 12 लाख की आबादी लाभान्वित हो सकेगी। परियोजना के विस्तृत डिजाइन का तकनीकी परीक्षण और अनुमोदन आईआईटी रुड़की तथा आईआईटी दिल्ली जैसे संस्थानों से कराया गया है।

अमृत-2.0 से पटना के 2.18 लाख घरों तक पहुंचेगा पानी

पटना जलापूर्ति योजना के लिए केंद्र प्रायोजित अमृत-2.0 मिशन के तहत 1,794 करोड़ 32 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस योजना के माध्यम से पटना के 75 वार्डों में 2,18,585 घरों तक जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए दानापुर, दीदारगंज सहित विभिन्न स्थानों पर जलमीनार, इनटेक वेल और अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को बेहतर और व्यापक बनाना है।

ग्राम कचहरी का बजट छह गुना बढ़ा

राज्य सरकार ने ग्राम कचहरियों के प्रशासनिक खर्च की वार्षिक सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब प्रत्येक ग्राम कचहरी को प्रतिवर्ष 24 हजार रुपये दिए जाएंगे। पहले यह राशि चार हजार रुपये थी। नई व्यवस्था एक अप्रैल 2027 से प्रभावी होगी। इसके साथ ही पिछड़े और अत्यंत पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कराने के लिए प्राक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्रों की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पहले संचालित 38 ऑफलाइन केंद्रों के स्थान पर अब सभी जिलों में एक-एक केंद्र खोला जाएगा। इन केंद्रों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।

Bihar Cabinet Decisions 2026 3

बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद का होगा गठन

राज्य में आर्थिक मामलों पर सरकार को सुझाव देने के लिए बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन को भी मंजूरी दी गई है। परिषद मुख्यमंत्री को आर्थिक नीतियों और राज्य के वित्तीय मामलों पर सलाह देगी। इसमें अध्यक्ष सहित कुल पांच सदस्य होंगे। अध्यक्ष ख्यातिप्राप्त अर्थशास्त्री होंगे और अन्य सदस्यों का नामांकन अध्यक्ष की अनुशंसा पर किया जाएगा। वित्त विभाग के सचिव (व्यय) परिषद के सचिव होंगे। इसका उद्देश्य लोक वित्त को मजबूत करना और आर्थिक फैसलों में विशेषज्ञ सुझावों को शामिल करना है।

Bihar Cabinet Decisions 2026 1

खेल संघों को अनुदान और अवैध खनन पर नियंत्रण

कैबिनेट ने राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका-2026 को स्वीकृति दी है। इसके तहत खेल संघों के लिए मानक निर्धारित किए जाएंगे और उन्हीं के आधार पर प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा बिहार खनिज (समानुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) (तृतीय संशोधन) नियमावली, 2026 को भी मंजूरी दी गई है। इसका उद्देश्य राज्य में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़ी गतिविधियों पर नियंत्रण मजबूत करना है।

Bihar Cabinet Decisions 2026 4

पटना में बनेगा एसटीएफ मुख्यालय, वाणिज्यिक भवन की भी तैयारी

पटना के लोदीपुर में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के मुख्यालय के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति की अवधि एक वर्ष बढ़ा दी गई है। इसके अलावा बिहार संग्रहालय के सामने नेहरू पथ और मैगल्स रोड क्षेत्र को आइकॉनिक ट्रेड सेंटर, वाणिज्यिक भवन, कार्यालय भवन या आवासीय भवन के रूप में विकसित करने की योजना को मंजूरी दी गई है। इसके लिए एनबीसीसी लिमिटेड का चयन नामांकन के आधार पर किया जाएगा।

Bihar Cabinet Decisions 2026

पहली बार ई-कैबिनेट प्रणाली से हुई बैठक

25 नवंबर की कैबिनेट बैठक में डिजिटल व्यवस्था की दिशा में भी अहम पहल की गई। पहली बार मंत्रिपरिषद की बैठक ई-कैबिनेट प्रणाली के माध्यम से आयोजित हुई। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी के अनुसार, इस प्रणाली को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) ने विकसित किया है। सभी मंत्रियों को टैबलेट दिए गए हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न विभागों के कैबिनेट प्रस्ताव अपलोड किए जाएंगे और उन पर मंजूरी की प्रक्रिया पूरी होगी। हालांकि, बैठक को पूरी तरह पेपरलेस बनाने में अभी कुछ समय लगेगा। नई व्यवस्था लागू होने से कैबिनेट के दस्तावेजों को मंत्रियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया डिजिटल होगी और कागज की खपत भी कम होगी। इस प्रणाली को सबसे पहले उत्तराखंड ने अपनाया था और अब तक 11 राज्य इसे लागू कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें: Pakur Vehicle Checking Campaign: स्थापना दिवस पर पाकुड़ में चला विशेष वाहन जांच अभियान, जानिए किन गलतियों पर हुई कार्रवाई

यह खबर शेयर करें
FacebookXTelegram

Pakur Vehicle Checking Campaign: स्थापना दिवस पर पाकुड़ में चला विशेष...

Pakur Vehicle Checking Campaign, पाकुड़: झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 के उपलक्ष्य में जिला परिवहन कार्यालय की ओर से पाकुड़ शहर में सघन वाहन...

Ve Din Ve Log Book Launch: पिता के संघर्ष से लेकर...

Ve Din Ve Log Book Launch, पटना: ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को रांची के कांके...

Patna Om Vihar Restaurant Raid: एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित, तीन दिन बंद...

Patna Om Vihar Restaurant Raid: बिहार की राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने बड़ी...