Patna Food Safety Inspection: पटना में McDonald’s और Domino’s का निरीक्षण, 160 खराब पिज्जा स्क्रीन नष्ट; 14 दिन का नोटिस

Patna Food Safety Inspection: बिहार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर शनिवार को पटना के मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट और डोमिनोज के प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, कीट नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच हुई। डोमिनोज के दो प्रतिष्ठानों में करीब 160 खराब पिज्जा स्क्रीन पाए गए, जिन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर नष्ट करा दिया गया। दोनों ब्रांड के प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए।

McDonald’s में मिलीं स्वच्छता संबंधी कमियां, सुधार नोटिस जारी

पटना के ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट के निरीक्षण में भंडार गृह की साफ-सफाई संतोषजनक मिली। कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र भी उपलब्ध थे। हालांकि, कचरे का डिब्बा खुला पाया गया और मुख्य दरवाजे पर कीट नियंत्रण के लिए एंटीसेप्टिक डोरमैट नहीं था। इसके अलावा, सार्वजनिक मेनू कार्ड पर खाद्य पदार्थों से संबंधित एलर्जी की चेतावनी उपलब्ध नहीं थी। अधिकारियों ने संचालक को सात दिनों के भीतर स्वच्छता संबंधी कमियां दूर करने, कचरे के डिब्बे को ढककर रखने और कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रतिष्ठान को 14 दिनों का सुधार नोटिस भी जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान मस्टर्ड सॉस का एक नमूना संग्रहित किया गया।

Patna Food Safety Inspection

Domino’s में 160 खराब पिज्जा स्क्रीन नष्ट, कीमत करीब 32 हजार रुपये

डोमिनोज के एम्बिशन ओझा प्लाजा, कदमकुआं और लोहिया नगर, कंकड़बाग स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच में ड्रेनेज सिस्टम, कटिंग बोर्ड और शेल्फ की साफ-सफाई में कमियां पाई गईं। डीप फ्रीजर के तापमान की निगरानी से संबंधित लॉग बुक और स्टोर में कच्चे माल का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था। विभाग के अनुसार, लोहिया नगर, कंकड़बाग स्थित प्रतिष्ठान में करीब 110 और एम्बिशन ओझा प्लाजा, कदमकुआं स्थित प्रतिष्ठान में करीब 50 खराब पिज्जा स्क्रीन मिले। कुल 160 पिज्जा स्क्रीन, जिनकी कीमत लगभग 32,000 रुपये बताई गई है, को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38(4) के तहत मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करा दिया गया।

Patna Food Safety Inspection 2

वेज-नॉनवेज अलग रखने और रिकॉर्ड दुरुस्त करने का निर्देश

डोमिनोज के निरीक्षण में पानी जमा होने, ग्राहकों के उपयोग के लिए रखी सॉस की बोतलों की उचित सफाई नहीं होने और कीट नियंत्रण रिपोर्ट में निर्धारित तिथि का उल्लेख नहीं होने जैसी कमियां भी सामने आईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ अलग-अलग रखने, ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने और मेनू कार्ड पर एलर्जी संबंधी चेतावनी प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही तापमान लॉग बुक, कच्चे माल के रिकॉर्ड और कीट नियंत्रण रिपोर्ट को नियमित रूप से संधारित करने को कहा गया। दोनों प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि के बाद अनुपालन का प्रमाण संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।

नियमों का पालन नहीं करने पर लाइसेंस पर हो सकती है कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया है। विभाग ने सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता, कीट नियंत्रण और खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से संभालने पर विशेष जोर दिया है। कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थों को अलग रखना तथा निर्धारित तापमान की नियमित निगरानी करना भी जरूरी बताया गया है। विभाग के अनुसार, निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित या रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है। आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।

Bihar Khet Bachao Abhiyan: खेत बचाओ अभियान को लेकर सरकार की...

Bihar Khet Bachao Abhiyan: बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को कृषि भवन स्थित अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम...

Jio Global Expansion Plan: अमेरिका-जर्मनी समेत 12 साझेदारियों पर नजर, 150...

Jio Global Expansion Plan: रिलायंस जियो की टेक्नोलॉजी को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की योजना के तहत कंपनी करीब 12 संभावित रणनीतिक साझेदारियों पर...

Kumhrar Seva Sahayata Portal: पटना में ‘कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल’ लॉन्च,...

Kumhrar Seva Sahayata Portal: कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ‘कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल – आपका विधायक...