रांची : चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में कुख्यात मध्यप्रदेश के पार्डी गैंग की ईश्वर में गहरी आस्था है। गैंग का सरगना मंगल सिंह पार्टी उर्फ दातित्या चोरी से पहले रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में मन्नत मांगता है और चोरी में सफलता मिलने के बाद पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर जाकर भगवान को चढ़ावा चढ़ाता है। चोरी से मिली रकम से ही वह मंदिर में भोग अर्पित करता है। सदर थाना पुलिस की पूछताछ में मंगल सिंह ने ये हैरान करने वाले खुलासे किए हैं।
मंगल सिंह ने बताया कि गिरोह के लगभग 50 सदस्य हैं, जिनमें 20 महिलाएं शामिल हैं। ये महिलाएं गुब्बारा बेचने के बहाने मोहल्लों और फ्लैटों में जाकर रेकी करती हैं और बंद घरों की पहचान कर जानकारी पुरुष सदस्यों को देती हैं। इसके बाद रात में गैंग के पुरुष सदस्य ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
सदर थाना पुलिस ने सरगना मंगल सिंह समेत तीन चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके अलावा चोरी का जेवर खरीदने वाले दो लोगों को रामगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के सदस्य सिर्फ पैसा और जेवरात की चोरी करते थे, बाकी किसी चीज को नहीं छूते थे।
गिरोह के कार्यशैली में भी पेशेवराना अंदाज़ देखने को मिला। सभी सदस्यों को निर्देश था कि वे चोरी करते समय सीसीटीवी में अलग हुलिए में नजर आएं, ताकि पुलिस उन्हें पहचान न सके। चोरी के बाद वे अपना हुलिया बदल लेते थे। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज से उनकी पहचान की कोशिश की तो उनकी योजना देखकर दंग रह गई।
पुलिस अब भी गिरोह से जुड़ी जानकारी इकट्ठा कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रांची में उन्होंने किन-किन स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने राजधानीवासियों से आग्रह किया है कि यदि वे किसी वजह से घर बंद कर बाहर जा रहे हैं, तो इसकी जानकारी अपने पड़ोसी या स्थानीय थाना को जरूर दें। ऐसा करने से पुलिस गश्ती दल को अलर्ट रखा जा सकेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी।