रांची: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रांची केंद्र ने राज्य के लिए अगले पांच दिनों का विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार, झारखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ गरज-चमक जारी रहेगी, जबकि कुछ जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का खतरा बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसूनी ट्रफ रेखा इस समय फिरोजपुर, चंडीगढ़ होते हुए उत्तर-पूर्वी भारत और अरुणाचल प्रदेश तक सक्रिय है, जिससे बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने ऊपरी वायु चक्रवातीय प्रणाली के प्रभाव से राज्य में नमी और बादल का दौर बढ़ गया है।
झारखंड में 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटे में पश्चिम सिंहभूम के सुदूर दुरीया (अश्विन सिंहभूम) में सबसे अधिक 75.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 35.4°C (सरायकेला-AWS) और न्यूनतम 20.5°C (लातेहार-AWS) दर्ज किया गया।
झारखंड में अगले पांच दिन का पूर्वानुमान (08–12 अगस्त 2025)
08 अगस्त: सभी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना।
09 अगस्त: गरज-चमक के साथ मध्यम दर्जे की बारिश, कहीं-कहीं भारी वर्षा।
10 अगस्त: कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना।
11 अगस्त: मध्यम दर्जे की बारिश का दौर जारी रहेगा।
12 अगस्त: गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना।
झारखंड में जारी चेतावनी
मौसम विभाग ने 7 और 8 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं और वज्रपात के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। 9 और 10 अगस्त को भी कुछ इलाकों में तेज हवाएं और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है।
झारखंड में जिलावार तापमान पूर्वानुमान (07–11 अगस्त)
रांची, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग और गुमला में अधिकतम तापमान 28°C से 31°C और न्यूनतम 23°C के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में तापमान 34°C तक पहुंच सकता है।
झारखंड में बारिश का आंकड़ा (01 जून से 07 अगस्त 2025 तक)
राज्य में औसतन 830 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 43% अधिक है। पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक 1235 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि गढ़वा में सबसे कम 566.9 मिमी वर्षा हुई है।
मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।
Highlights