रांची के कोकर स्थित पेट्रोल पंप में मंगलवार रात जोरदार धमाका हुआ। पैनल रूम में गड़बड़ी से विस्फोट की आशंका है। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
Ranchi Petrol Pump Blast रांची: सदर थाना क्षेत्र के व्यस्त कोकर इलाके में स्थित डायमंड सेल्स पेट्रोल पंप परिसर में मंगलवार रात करीब 8.25 बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ। प्रारंभिक जांच में पैनल रूम में किसी तरह की गड़बड़ी के कारण विस्फोट होने की आशंका जतायी जा रही है।
धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के काफी दूर तक के इलाकों में सुनायी दी। विस्फोट के साथ पेट्रोल पंप परिसर में आग की लपटें भी दिखाई दीं। अचानक हुए धमाके से पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग और आसपास के घरों तथा दुकानों में रहने वाले लोग सहम गये।
Key Highlights
कोकर के डायमंड सेल्स पेट्रोल पंप में रात 8.25 बजे जोरदार धमाका।
प्रारंभिक जांच में पैनल रूम में गड़बड़ी से विस्फोट की आशंका।
धमाके के समय पेट्रोल पंप पर वाहन में तेल भरा जा रहा था।
पास में तेल का टैंकर खड़ा था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना में कोई घायल नहीं हुआ, पुलिस ने परिसर को घेरकर जांच शुरू की।
Ranchi Petrol Pump Blast:पेट्रोल भरने के दौरान हुआ धमाका, पास खड़ा था टैंकर
जिस समय विस्फोट हुआ, उस समय पेट्रोल पंप के कर्मचारी वाहनों में पेट्रोल और डीजल भर रहे थे। पंप के पास ही तेल से भरा टैंकर भी खड़ा था। ऐसे में यदि आग टैंकर तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और किसी तरह की बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।
धमाके के बाद कुछ देर तक पेट्रोल पंप परिसर के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी। सुरक्षा को देखते हुए तत्काल पेट्रोल और डीजल की बिक्री रोक दी गयी।
Ranchi Petrol Pump Blast:शेड समेत आसपास की कई संरचनाएं क्षतिग्रस्त
जोरदार धमाके से पेट्रोल पंप के शेड का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पंप परिसर के पास स्थित एक वेयरहाउस की टिन की छत भी उखड़ गयी। परिसर में बने बाथरूम के गेट का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है।
इसके अलावा गमले और बैंक ऑफिस की बिल्डिंग के निचले हिस्से सहित आसपास की कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
Ranchi Petrol Pump Blast:पुलिस ने पेट्रोल पंप को घेरकर शुरू की जांच
घटना के तुरंत बाद पेट्रोल पंप से ईंधन की बिक्री बंद कर दी गयी और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी। सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे पेट्रोल पंप परिसर को चारों तरफ से घेर लिया।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। विस्फोट के वास्तविक कारण और इससे हुए नुकसान का विस्तृत आकलन जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।
Highlights



















