रांची: रांची सहित पूरे झारखंड में बुधवार को ठंड से हल्की राहत मिली। आसमान में बादल छाने और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की वजह से ठंड की तीव्रता कम हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक कुमार के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालय से ठंडी हवाएं कम आ रही हैं। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के चलते सर्दी से राहत मिली है।

20 दिसंबर को बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 19 दिसंबर से अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान बढ़ने से ठंड से और राहत मिलेगी। 20 दिसंबर को राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में हल्की बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और रामगढ़ शामिल हैं। बारिश के कारण दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

22 दिसंबर से बदलाव की संभावना
22 दिसंबर से मौसम में फिर से बदलाव होने की संभावना है। रांची और आसपास के जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।
बुधवार को ठंड से राहत
पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं की तीव्रता भी कम रही। हालांकि, कांके और मैक्लुस्कीगंज जैसे इलाकों में अभी भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे है।