कोडरमा: 12313 सियालदह –नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के B-8 मे चली गोली के मामले में आरोपी आर्मी के रिटायर्ड जवान को कोडरमा जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया और उसे मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है।
नशे के हालत मे सिख रेजिमेंट के रिटार्यड आर्मी जवान हरपिंदर सिंह को सियालदह राजधानी एक्सप्रेस से कोडरमा स्टेशन पर आरपीएफ ने उतारा। थर्ड ए सी कोच के बाथरूम के समीप गोली चली थी।
दरअसल हरपिंदर सिंह के पास 12301 हावड़ा नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन का टिकट का और वह नशे की हालत में सियालदह राजधानी एक्सप्रेस धनबाद स्टेशन से सवार हो गया। ट्रेन खुलने के कुछ मिनटों के अंदर मतारी स्टेशन के समीप की ये घटना बताई जा रही है।
गलत ट्रेन में सवार होने को लेकर रिटायर्ड आर्मी जवान की टीटीई से बकझक हुई और इसी में उसने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी। रिवाल्वर में 6 गोली लोड थी, जिसमें एक राउंड फायरिंग हुई। कोडरमा स्टेशन पर उतारे जाने के बाद कोडरमा आरपीएफ व जीआरपी उससे पूछताछ कर रही है।
आरोपी रिटायर जवान हरपिंदर सिंह गुरदासपुर का रहने वाला है और साल 2019 में सिख रेजीमेंट से हवलदार पद से वह रिटायर हुआ था।
फिलहाल वह धनबाद की किसी को कोलयरी में बतौर सुरक्षा गार्ड ड्यूटी कर रहा था। कोडरमा उतारे जाने के दौरान भी रिटायर्ड आर्मी जवान शराब के नशे में था।
मेडिकल के लिए ले जाने के दौरान उसने ट्रेन में घटी घटना का जिक्र करते हुए अपनी गलती पर पछतावा भी प्रकट किया। नशे में होने के कारण पूछताछ के दौरान वह सवालो का ठीक-ठीक जवाब भी नहीं दे पा रहा था।


