कैमूर में SC आयोग का छापा – निरीक्षण में गड़बड़ियों पर अफसरों को नोटिस की चेतावनी
कैमूर : पटना से पहुंची राज्य अनुसूचित जाति आयोग की टीम ने कैमूर जिले में कई सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल, जेल और पुलिस लाइन में कई कमियां सामने आईं, जिस पर आयोग ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है।
राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने किया निरीक्षण
राज्य अनुसूचित जाति आयोग के दो सदस्यीय दल ने भभुआ सदर अस्पताल, मंडलकारा जेल, पुलिस लाइन और कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। आयोग सदस्य डॉ. संजय कुमार ने बताया कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर यह जांच की गई।
तय मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलने की थी शिकायत
मंडलकारा जेल में कैदियों को तय मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने और दबंग कैदियों द्वारा अन्य बंदियों पर दबाव बनाने की शिकायत मिली। आयोग ने जेल प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए व्यवस्था सुधारने को कहा।
सदर अस्पताल में बाहर की दवाईयां लिखने का मामला
सदर अस्पताल में दवाइयां उपलब्ध होने के बावजूद बाहर की दवा लिखे जाने की बात सामने आई। इस पर आयोग ने निर्देश दिया कि उपलब्ध दवाएं ही मरीजों को दी जाएं।
पुलिस लाइन में अधिकारी नदारद
पुलिस लाइन में निरीक्षण के दौरान जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिले, जिस पर नाराजगी जताई गई। वहीं विद्यालयों की स्थिति संतोषजनक बताई गई।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, फिर होगी जांच
आयोग ने साफ कहा है कि दो महीने बाद दोबारा निरीक्षण होगा। यदि हालात नहीं सुधरे तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई और नोटिस भेजे जाएंगे। आयोग ने इसे पहली चेतावनी बताया है। अब दो महीने बाद की जांच तय करेगी कि लापरवाही करने वाले अफसरों पर कार्रवाई होती है या नहीं।
ये भी पढे़ : मुख्यमंत्री ने एपिकॉन-2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन
ओम प्रकाश तिवारी की रिपोर्ट
Highlights


