रांची: सीबीएसई की 2025 में होने वाली 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी गई है, जिससे स्कूलों में बोर्ड परीक्षा की तैयारी तेज़ हो गई है। इसके साथ ही, अधिकांश स्कूलों ने प्री बोर्ड परीक्षा की तिथियों की घोषणा कर दी है। अधिकांश स्कूलों में दो प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित की जाएंगी, जबकि कुछ स्कूलों में एक ही प्री बोर्ड होगा।
पहला प्री बोर्ड दिसंबर के पहले हफ्ते से शुरू होने की संभावना है। विभिन्न स्कूलों ने इसकी सूचना जारी की है, जबकि कुछ स्कूल अगले हफ्ते में इसके बारे में जानकारी देंगे। दूसरा प्री बोर्ड जनवरी महीने में आयोजित किया जाएगा।
जेवीएम श्यामली के प्रिंसिपल समरजीत जाना ने बताया कि छात्रों की बेहतर तैयारी के लिए दो प्री बोर्ड आयोजित किए जाएंगे और राइटिंग प्रैक्टिस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं, कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल नीता पांडे ने कहा कि डेटशीट जारी होने के बाद रिवीजन और क्लास टेस्ट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। केरलि स्कूल के प्रिंसिपल राजेश पिल्लई ने बताया कि जो छात्र स्पेशल क्लासेस की जरूरत महसूस कर रहे हैं, उनके लिए क्लासेस शुरू कर दी गई हैं।
सीबीएसई बोर्ड के पैटर्न के अनुसार, 2024-25 सत्र में 12वीं के प्रश्नपत्रों में 50 प्रतिशत कंपीटेंसी-फोकस्ड (योग्यता-केंद्रित) सवाल होंगे, जिनमें एमसीक्यू, केस बेस्ड और सोर्स बेस्ड इंटीग्रेटेड क्वेश्चन शामिल होंगे। वहीं, 20 प्रतिशत सवाल सेलेक्ट रिस्पॉन्स टाइप (एमसीक्यू) होंगे और 30 प्रतिशत सवाल कंस्ट्रक्टेड रिस्पॉन्स टाइप (शॉर्ट और लांग आंसर) होंगे। 10वीं के प्रश्नपत्रों में भी 50 प्रतिशत कंपीटेंसी-फोकस्ड सवाल होंगे, 20 प्रतिशत एमसीक्यू और 30 प्रतिशत शॉर्ट और लांग आंसर सवाल होंगे।
स्कूलों में प्री बोर्ड की तारीखें इस प्रकार होंगी:
• डीपीएस रांची: 12वीं का पहला प्री बोर्ड 5 दिसंबर तक चलेगा, जबकि दूसरा प्री बोर्ड 16 से 27 दिसंबर तक होगा। 10वीं का पहला प्री बोर्ड 25 नवंबर से 6 दिसंबर तक और दूसरा 18 से 27 दिसंबर तक होगा।
• जेवीएम श्यामली: पहला प्री बोर्ड दिसंबर के पहले हफ्ते में, दूसरा जनवरी में होगा।
• कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल: पहला प्री बोर्ड 9 से 18 दिसंबर तक, दूसरा 7 से 17 जनवरी तक होगा।
• केरलि स्कूल: पहला प्री बोर्ड 2 दिसंबर से शुरू होगा।
• डीएवी बरियातू: पहला प्री बोर्ड 6 दिसंबर से, दूसरा जनवरी में होगा।
• मनन विद्या: पहला प्री बोर्ड 27 नवंबर से, दूसरा जनवरी में होगा।
• फिरायालाल पब्लिक स्कूल: पहला प्री बोर्ड 6 दिसंबर से, दूसरा 21 जनवरी से होगा।


















