Jharkhand: सरिया प्रखंड के ठाकुरबाड़ी टोला स्थित एक खेत में शुक्रवार सुबह एक हिरण मृत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर जुटने लगे और हिरण को देखने के लिए भीड़ लग गई।
स्थानीय लोगों ने दी जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के वक्त टहलने निकले कुछ ग्रामीणों की नजर खेत में पड़े हिरण पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वह मृत पाया गया। इसके बाद यह खबर तेजी से फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, हिरण संभवतः पास के जंगल क्षेत्र से भटककर गांव की ओर आ गया होगा। आशंका जताई जा रही है कि किसी जंगली जानवर, संभवतः जंगली कुत्तों के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जान बचाने के प्रयास में हिरण खेत की ओर भागा, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृत हिरण की लंबाई लगभग 55 इंच, ऊंचाई 35 इंच और मोटाई करीब 31 इंच थी।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर वन विभाग (forest department) की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वन विभाग के फॉरेस्टर अंशु पाण्डेय ने बताया कि हिरण के शरीर पर दो से तीन गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला किसी जंगली जानवर के हमले का प्रतीत होता है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
वन विभाग (forest department) ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके सुरक्षित आवागमन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। मौके पर फागू पंडित ,अजित मंडल, दीपू पांडे, रवींद्र पांडे , वेटनरी कंपाउंडर आनंद पाण्डेय, देवाशीष बादल, विकास मंडल, पंकज मंडल, मंटू पाण्डेय,दामोदर मंडल सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।


