पूर्वी चंपारण में रफ्तार का कहर, हादसे में दो सगे भाईयों की मौत, एक ही हालत गंभीर
पूर्वी चंपारण : जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र से रविवार देर शाम एक हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है। घने कुहासे और कड़ाके की ठंड के बीच हुए इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया।
घने कुहासे में अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर
घटना पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के चैता पंचायत की है। बताया जाता है कि सुंदरपट्टी पंचायत के रहने वाले तीन लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर तेज रफ्तार में अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घने कुहासे के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक समेत दो युवकों की हालत गंभीर हो गई।
सूचना पर पहुँची पुलिस, जेसीबी की मदद से रेस्क्यू कर निकाला शव
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दो युवकों की मौत हो चुकी थी।
घर से दो भाईयों का शव निकलने से पसरा मातम
मृतकों की पहचान सुंदरपट्टी पंचायत निवासी चचेरे भाइयों कुंदन कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल नाबालिग नीरज कुमार को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। एक ही घर से दो भाइयों की अर्थी उठने से पूरे गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
Highlights


