पटना : बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में को राज्य परियोजना अनुश्रवण समूह परियोजनाओं पर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 48 परियोजनाओं की समीक्षा की गई, जिनमें जल संसाधन विभाग (28), सड़क निर्माण विभाग की (8), नगर विकास विभाग (8), कृषि विभाग (1), पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग (1), लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (1) और ग्रामीण विकास विभाग की एक परियोजना शामिल थीं।
प्रत्यय अमृत ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए
मुख्य सचिव ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन विभाग को निर्देश दिया कि प्रत्येक माह विभाग द्वारा वर्तमान में क्रियान्वित की जा रही पांच परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण करें। इसके अतिरिक्त, अभियंताओं को राज्य PMG पोर्टल पर सूचीबद्ध सभी परियोजनाओं का व्यक्तिगत रूप से स्थल निरीक्षण अवश्य करना होगा। विभाग के मुख्य अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे ऊर्जा विभाग से संबंधित मुद्दों के समाधान हेतु, जो सिंचाई परियोजनाओं में विलंब का कारण बन रहे हैं, MD, SBPDCL और MD, NBPDCL से प्रति माह एक बैठक अवश्य करें। उन्हें नियमित रूप से फील्ड विज़िट करने तथा परियोजनाओं की प्रगति दर्शाने वाली नवीनतम GPS-सक्षम तस्वीरों को राज्य PMG पोर्टल पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। सभी सिंचाई परियोजनाओं की योजना GIS-सक्षम PM GatiShakti पोर्टल का उपयोग कर ही बनाई जाए ताकि गलत डिज़ाइन और दोषपूर्ण मिट्टी परीक्षण जैसी संभावित त्रुटियों से बचा जा सके।
परियोजनाओं को समय पर पूरा करने हेतु विभाग द्वारा आवश्यक टाइमलाइन तैयार की जाए – मुख्य सचिव
परियोजनाओं को समय पर पूरा करने हेतु विभाग द्वारा आवश्यक टाइमलाइन तैयार की जाए, क्योंकि पाया गया है कि हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाओं के लिए निर्धारित समय वैज्ञानिक तरीके से नहीं तय किया जाता। विभाग को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने हेतु मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अवश्य जारी करनी चाहिए। विभाग को उन परियोजनाओं की पहचान करने को कहा गया है जिनमें स्वीकृति तिथि से अब तक भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति व लागत वृद्धि आदि कारणों से बहुत कम प्रगति हुई है। विभाग को ऐसी परियोजनाओं की गहन समीक्षा करनी चाहिए।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पथ निर्माण विभाग को भी आवश्यक निर्देश दिए
मुख्य सचिव ने पथ निर्माण विभाग को भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कोटवा से साहेबगंज via बज्हिया रोड, रूपौली से विजयघाट via मोहनपुर रोड के किमी 0.00 से 24.50 तक सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, सादिकपुर-पभेरा-मसौढ़ी रोड (SH-1) के किमी 0.00 से 16.30 तक सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण (फोर लेनिंग), मनुआपुल-योगापट्टी-नवलपुर-रतवल चौक रोड के किमी 0.000 से 37.008 तक (जिला पश्चिम चंपारण) सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण एवं कादिरगंज-खैरा पथ, एसएच-82/ पैकेज-6 का दिसंबर 2025 तक पूर्ण करने का समय निर्धारित किया है। वहीं छपरा में गांधी चौक से नगरपालिका चौक तक डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूर्ण किया जाना है।
बैठक में संबंधित विभाग के वरीय पदाधिकारीगण मौजूद थे
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, कृषि विभाग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग की (प्रत्येक की 1-1) परियोजनाओं की समीक्षा की गई और पाया गया कि सभी परियोजनाएं समय पर चल रही हैं व किसी भी प्रकार की बाधा से मुक्त हैं। इस बैठक में संबंधित विभाग के वरीय पदाधिकारीगण मौजूद थे।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग व निगरानी विभाग के कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अंशु झा की रिपोर्ट


















