रांची: बिहार एसटीएफ की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए रांची में अंतरराज्यीय हथियार तस्कर रामपुकार राय को गिरफ्तार किया है। आरोपी रांची के करमटोली स्थित सीताकुंज अपार्टमेंट में रहकर गनमैन की नौकरी कर रहा था और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हथियार खरीद कर बिहार में तस्करी कर रहा था।
रामपुकार मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर का रहने वाला है। उसके पास से 0.315 बोर की मोडिफाइड रायफल, 83 कारतूस, फर्जी बीएसएफ आईडी कार्ड, फर्जी सर्विस सर्टिफिकेट, फर्जी आर्म्स लाइसेंस, और गोलियों की रसीदें बरामद की गई हैं।
एसटीएफ के अनुसार, रामपुकार राय ने उत्तर प्रदेश के झांसी में स्थित एक गन हाउस से फर्जी आधार कार्ड और संजय तिवारी नाम से रायफल और 50 राउंड गोली खरीदी थी। साथ ही, उसने पंजाब के अमृतसर में स्थित एस. जसवंत सिंह एंड कंपनी से भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हथियार खरीदे थे।
गिरफ्तारी के बाद रामपुकार ने खुलासा किया कि उसने अपने भाई जयपुकार राय के सहयोग से एक लाख रुपये में जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले से फर्जी आर्म्स लाइसेंस बनवाया था, जो 16 जनवरी 2018 को जारी दिखाया गया था।
यह मामला आरा रेल थाना कांड संख्या 58/23 (तारीख 16 अप्रैल 2023) से जुड़ा हुआ है, जिसमें रामपुकार का नाम पहले ही सामने आ चुका था।
बिहार एसटीएफ की टीम ने 7 मई को रांची में छापेमारी कर स्थानीय कोतवाली थाना और जिला शस्त्र पदाधिकारी रांची के सहयोग से आरोपी के दस्तावेजों की जांच की और उसे गिरफ्तार कर लिया। लालपुर थाना पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है, जबकि उसके भाई पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस गिरफ्तारी से फर्जी दस्तावेजों के जरिए हथियार तस्करी करने वाले नेटवर्क की पोल खुल गई है और पुलिस अब पूरे गिरोह की कड़ियों को खंगालने में जुट गई है।



















