RANCHI: आईपीएस नटराजन के साथ यौन शोषण मामले
में चर्चा में आई पीड़िता सुषमा बड़ाईक को अपराधियों ने
दिनदहाड़े रांची के के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में गोली मारी दी.

सुषमा बड़ाईक को तीन गोली लगी है. फिलहाल उनकी
हालत नाजुक बताई जा रही है. गंभीर अवस्था में सुषमा बड़ाईक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
2005 में पूर्व आईजी पर लगाया था यौन शोषण का आरोप
वर्ष 2005 में सुषमा बड़ाईक उस वक्त चर्चा में आई थी
जब पूर्व आईजी नटराजन के साथ यौन शोषण का
स्टिंग ऑपरेशन सामने आया था. उस वक्त आईजी नटराजन
के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. वीडियो जारी होने के बाद आइपीएस नटराजन को बरखास्त कर दिया गया था. हालांकि लोअर कोर्ट ने 2017 में नटराजन के पक्ष में फैसला सुनाया था.
सुषमा बड़ाईक ने सुखदेवनगर थाना में मामला दर्ज कराया था
लोअर कोर्ट से बरी होने के बाद सुषमा बड़ाईक को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. सुषणा ने केस वापस लेने की धमकी का आरोप लगाते हुए अरगोड़ा निवासी दुर्गा साहू पर भी सुखदेवनगर थाने में मामला दर्ज कराया था. सुषमा का आरोप था कि दुर्गा साहू बंदूक की नोक पर केस वापस लेने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया है.
अपराधियों ने कैसे दिया घटना को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार सुषमा बड़ाईक को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारी है. इस मामले की जानकारी मिलने के बाद अरगोड़ा थाना की पुलिस जांच में जुटी हुई है. अरगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि सुबह 9ः30 बजे एक बाइक पर तीन की संख्या में अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. तीनों अपराधी को घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.

















