हजारीबाग: हजारीबाग जिले के बड़कागांव में NTPC मुआवजा शिविर के दौरान हुई झड़प का मामला तूल पकड़ गया है। पुलिस द्वारा सैकड़ों ग्रामीणों पर मामला दर्ज किए जाने और कई लोगों की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बड़कागांव थाना का घेराव कर दिया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष थाना परिसर के बाहर जमा होकर पुलिस कार्रवाई को रद्द करने और गिरफ्तार ग्रामीणों की रिहाई की मांग करने लगे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात बादामगांव से पुलिस कई लोगों को थाने ले आई, जिससे ग्रामीणों में रोष फैल गया। आरोप है कि बिना ठोस सबूत के ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि देर रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच प्रशासनिक अधिकारी दरवाजा तोड़कर घरों में घुसे, महिलाओं से मारपीट की और पांच लोगों को उठाकर थाने ले आए। महिलाओं का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कोई महिला पुलिस मौजूद नहीं थी और घर में तोड़फोड़ के साथ मोबाइल भी छीन लिए गए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक गिरफ्तार लोगों को रिहा नहीं किया जाता और कार्रवाई में शामिल अधिकारियों को निलंबित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और क्षेत्र में कामकाज ठप रहेगा। स्थिति को देखते हुए थाना परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है, वहीं ग्रामीण न्याय मिलने तक डटे रहने की बात कह रहे हैं।