कोडरमाः जिले में इन दिनों भू-माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है. भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद होते जा रहे हैं कि अब आम लोगों को धमकी देने और रंगदारी मांगने से भी बाज नहीं आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है. जहां एक बुजुर्ग पर जमीन खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है और 40 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है.
बुजुर्ग बाबूलाल साव ने एसपी से मदद की गुहार लगाई है. इस बाबत बाबूलाल साव ने एसपी को आवेदन देकर पूरे मामले से अवगत कराया और वह भू-माफिया के नाम भी बताए हैं. बाबूलाल साव ने बताया कि जिस जमीन को खाली करने का उन पर दबाव बनाया जा रहा है. उस जमीन पर वे 2008 से काबिज है और उन्होंने मकान और दुकान भी बना रखा है.
यह कोई पहला मामला नहीं है. आए दिन इन भू-माफियाओं के द्वारा किसी भी जमीन का गलत कागजात बना देना, बाजबरन बाउंडरी वाल गिरा देना, किसी के भी जमीन पर गलत तरीके से बाउंडरी कर लेना जैसी अनेकों घटनाए घट रही. थाने तक पहुंचने वाले मारपीट और खून खराबे के अधिकांश मामले जमीन विवाद से जुड़े हुए पाए जा रहे हैं.
एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि भू माफिया के खिलाफ कड़ी करवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि जमीन संबंधी मामला होने के कारण अन्य विभागों के सहयोग से ऐसे मामलों को सुलझाया जाएगा. साथ ही भू माफिया को चिन्हित करने की कार्रवाई भी हो रही है.
रिपोर्टः कुमार अमित


