रांची: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से होते हुए झारखंड के पाकुड़ जिले में प्रवेश करेगी. अभी पार्टी की केंद्रीय इकाई की ओर से झारखंड में न्याय यात्रा का पूरा रूट चार्ट नहीं आया है, लेकिन झारखंड कांग्रेस की ओर से जो जानकारी दी गई है, उसके मुताबिक, पाकुड़ में प्रवेश करने के बाद राहुल गांधी गोड्डा, देवघर, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़, रांची होते हुए खूंटी जाएंगे.
राहुल गांधी खूंटी जिले के उलिहातू में बिरसा मुंडा की जन्मस्थली जाकर धरती आबा को श्रद्धांजलि देंगे. झारखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा फरवरी के पहले सप्ताह में झारखंड में प्रवेश करेगी और आठ दिनों में 13 जिलों में 804 किलोमीटर की यात्रा करेगी.
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों में पूरी कांग्रेस जुट गई है. प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और कांग्रेस विधायक दल के नेता व मंत्री आलमगीर आलम समेत कई नेता जहां पाकुड़ में हैं, वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर भी ट्रेन से पाकुड़ पहुंच गए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक, बीजेपी-आरएसएस कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों द्वारा असम में राहुल गांधी के दौरे को बाधित करने की कोशिश के बाद झारखंड कांग्रेस खास तौर पर सतर्क हो गई है.