रांची: फरवरी से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला है। दिन में तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी है, और मार्च में यह तपिश और बढ़ने वाली है। पहले सप्ताह में ही तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि चौथे सप्ताह तक यह 37 डिग्री तक जा सकता है।
मार्च में बढ़ेगा तापमान, लेकिन हल्की बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, झारखंड पठारी क्षेत्र होने के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवा आने पर दोपहर या देर शाम में गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवा चलने की संभावना भी बनी रहेगी।
- पहला सप्ताह: अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 15-17 डिग्री सेल्सियस।
- दूसरा सप्ताह: अधिकतम तापमान 34 डिग्री, न्यूनतम 16-18 डिग्री।
- तीसरा सप्ताह: तापमान 35 डिग्री तक पहुंचेगा।
- चौथा सप्ताह: अधिकतम तापमान 37 डिग्री, न्यूनतम 19-20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इस बार होली के दिन दिन में तेज धूप रहेगी, लेकिन शाम का मौसम सुहावना रहेगा।
रांची में फरवरी का सबसे गर्म दिन दर्ज
शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर रांची में देखने को मिला, जिससे दोपहर बाद बादल छाए रहे। हालांकि, इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन एक मार्च को दर्ज किया गया, जब रांची का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा के कुछ हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की बारिश भी हुई।
समय से पहले खिला पलाश का फूल
झारखंड का राजकीय फूल पलाश, जिसे परसा, ढाक, टेसू, किंशुक, केसू और ब्रह्म वृक्ष जैसे नामों से भी जाना जाता है, इस बार समय से पहले खिल गया है। आमतौर पर यह फूल होली के समय खिलता है, लेकिन इस साल फरवरी में ही तापमान बढ़ने के कारण जंगलों में लाल सुर्ख फूल अपनी चमक बिखेर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी, इसलिए लोग अभी से सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां बरतें।
Highlights



















