चंदवा: बहुचर्चित चंदवा थाना के चौकीदार सदीक अंसारी हत्याकांड का उद्भेदन चंदवा पुलिस ने कर दिया है। हत्याकांड में संलिप्त 3 में से एक अपराधी मनोज तुरी पिता बिगलू तुरी पाहन (टोली ढोंटी चंदवा) को लोडेड देशी कट्टे के साथ थाना क्षेत्र के ढोंटी जंगल से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
चंदवा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए एसडीपीओ संतोष मिश्रा व थाना प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि बीते 7 नवम्बर की शाम चंदवा-माल्हन-मैकलुस्कीगंज पथ पर हिंदुस्तान बायो डीजल पम्प के समीप अज्ञात अपराधियों के द्वारा चौकीदार सदीक अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
मामले में चंदवा थाना में कांड संख्या 217/23 में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था, मामले की गंभीरता को देखते हुए कांड के उद्वेदन हेतु लातेहार एसपी अंजनी अंजन के द्वारा एक एसआईटी टीम का गठन किया गया था, जिसका नेतृत्व एसडीपीओ संतोष मिश्रा स्वयं कर रहे थे।
एसआईटी टीम के द्वारा कांड के उद्वेदन हेतु तकनीकी एवं माननीय सूत्रों के आधार पर लगातार विभिन्न स्थानों पर छापामारी की जा रही थी।
इसी क्रम में 26 नवंबर को चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोंटी जंगल से कांड में संलिप्त एक अपराधी मनोज तुरी को एक लोडेड देशी कट्टा एवं मोबाइल के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ के क्रम में मनोज तुरी ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि चौकीदार सदीक के हत्या में उनके साथ दो और साथी संलिप्त हैं। मनोज तुरी ने पुलिस को यह अभी बताया कि वह प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन एसजेएमएम का सक्रिय सदस्य है तथा पूर्व में वह पीएलएफआई एवं अन्य गिरोह के लिए भी काम कर चुका है।
गिरफ्तार मनोज तुरी के खिलाफ चंदवा, बालूमाथ व पिपरवार थाना में आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।


