हजारीबाग: झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण, निबंधन, खेल एवं पर्यटन मंत्री हफीजुल हसन गुरुवार रात धनबाद के गोविन्दपुर प्रखंड के आसनबनी में तब्लीगी जमात की इज्तिमा(बिहार-झारखंड)स्थल पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया।वहाँ आगामी 2 से 4 दिसंबर तक आयोजित बिहार झारखंड के इज्तिमा में दो से तीन लाख लोग भाग लेंगे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि इसमें दहेज प्रथा, शराब, चोरी छिनतई आदि से दूर रहने की सीख दी जाएगी । लोगों को अच्छा इंसान बन दूसरों की मदद करने सीख दी जाएगी ।
तब्लीगी जमात के इज्तिमा की तैयारियों का जायजा लिया हफीजुल हसन ने
उन्होंने कहा कि आयोजक किसी से मदद नहीं लेते परंतु वह सरकार के मंत्री होने के नाते जो भी सुविधा होगी यहां प्रदान करेंगे विधि व्यवस्था को लेकर दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, चिकित्सा व्यवस्था, अग्निशमन दस्ते की व्यवस्था आदि सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे । उन्होंने आयोजकों से तैयारी की जानकारी ली और इसमें अपनी ओर से पूरी सहायता करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने यहां बन रहे बृहद पंडाल, अस्थाई मस्जिद, शौचालय आदि को देखा। मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष लखी सोरेन, मन्नू आलम, एजाज अहमद, मुखिया गयासुद्दीन अंसारी, मुकेश सिंह, जिप सदस्य सोहराब अंसारी आदि मौजूद रहें। गोविंदपुर सीओ रामजी वर्मा ने बुके देकर मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मंत्री जंगलपुर गांव गए वहां मन्नू आलम एवं मोकीम अंसारी की अगुवाई में मंत्री का स्वागत किया गया। मंत्री ने ग्रामीणों की जंगलपुर की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।
Highlights

















